अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा
- फोटो : Amar Ujala
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर आयोजित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा 10 नवंबर को कराई जाएगी। इसका प्रवेश पत्र विद्यार्थियों के ई- मेल पर भेज दिया गया है। वह इसे डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा के लिए प्रयागराज में तीन, प्रतापगढ़ में दो और काैशांबी में एक केंद्र बनाया गया है। इसमें कुल 6,233 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए 15 अगस्त से 15 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन लिए गए थे। इसमें नाैंवी से 12वीं तक के यूपी बोर्ड के विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। आवेदन को लेकर विद्यार्थियों में गजब का उत्साह था। महीनेभर तक चली प्रक्रिया में प्रयागराज के 4055, प्रतापगढ़ के 1314 और काैशांबी के 844 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया था। सभी आवेदकों के प्रवेश पत्र उनके ई- मेल पर जारी कर दिए गए हैं।
इसकी डेढ़ घंटे की परीक्षा 10 नवंबर को दो पाली में कराई जाएगी। सुबह की पाली में 11 से 12:30 बजे तक नाैंवी और 10वीं के बच्चों की परीक्षा होगी। उसके बाद दोपहर दो से 3:30 बजे तक 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की परीक्षा होगी। इसके लिए प्रयागराज में जीआईसी, केपी इंटर कालेज और एंग्लो बंगाली इंटर कालेज को केंद्र बनाया गया है।
प्रतापगढ़ में यह परीक्षा अष्टभुजा नगर स्थित प्रभात एकेडमी और बीएसएस एकेडमी कटरा रोड फुलवरिया में कराई जाएगी। काैशांबी में यह परीक्षा दुर्गा देवी इंटर कालेज ओसा में होगी। अगर किसी विद्यार्थी का प्रवेश पत्र तकनीकी कारणों से नहीं जारी हुआ तो वह आधार कार्ड लेकर केंद्र पर पहुंचेंगे तो परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
साथ नहीं ले जाना है प्रश्न पत्र
परीक्षा समाप्ति के बाद छात्र-छात्राओं को प्रश्न पत्र अपने साथ ले जाने की अनुमति नहीं है। उसे कक्ष निरीक्षक के पास जमा करना होगा। इसके उत्तर ओएमआर सीट पर देने होंगे।