अमर उजाला कार्निवाल में बोलते महापौर गणेश केसरवानी।
- फोटो : अमर उजाला ।
शिव-पार्वती नृत्य से शुरुआत फिर गीत-संगीत की बही सरिता
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आगाज शिव-पार्वती नृत्य से हुआ। इसके बाद प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ तो मंच पर हुनर दिखाने के लिए बाल कलाकारों में उत्साह नजर आया। शान्वी बोस ने मेरे ढोलना सुन पर नृत्य प्रस्तुत किया जबकि उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र की ओर से अदिति मिश्रा एंड टीम ने कचौड़ी गली सुन कइल बलमु की संगीतमय प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया।
उन्नति ने बरसाने की छोरी, प्रिशा और अनिका गुप्ता ने जब जिद पर आ गई पार्वती, यशिका सिंह ने मेरे प्रभु राम आए हैं और आर्या ने राम आएंगे गीत पर नृत्य कर भक्ति और उत्साह के रंग बिखेरे। कार्तिक की बोल बम और पार्णिका की चूड़ी मजा न देगी पर दी गई प्रस्तुतियों को भी दर्शकों ने सराहा। प्रियांशी श्रीवास्तव ने ये क्या बात है आज की चांदनी में गीत के जरिये अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दृश्या जैन ने भी नृत्य की प्रस्तुति दी। अरविंद सोनकर और दिव्य प्रताप मौर्य ने गायन से समां बांधा। कीर्ति एंड ग्रुप के समूह नृत्य ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर किया।
अमर उजाला कार्निवाल में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत।
- फोटो : अमर उजाला।
ईशान और अचिंत्या की सूफियाना प्रस्तुति ने जीता दिल
कार्निवल में ईशान मिश्रा और उनके छोटे भाई अचिंत्या मिश्रा ने छाप तिलक सब छीनी रे मोसे नैना मिलाइ के..., तेरे बिन नहीं लगदा दिल मेरा ढोलना... की मनमोहक प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। दोनों भाइयों की सुरमयी जुगलबंदी ने माहौल को सूफियाना रंग में रंग दिया। उनकी प्रस्तुति में शुभम द्विवेदी और मोहम्मद फैज ने कोरस से साथ दिया। उदय चंद्रा ने तबले और आदित्य चंद्रा ने ढोल पर संगत कर प्रस्तुति को प्रभावशाली बनाया। ईशान एंड ग्रुप ने भी सूफी संगीत की प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं।
बच्चों ने झूलों का भी उठाया आनंद
कार्निवल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ खानपान और मनोरंजन का भी लोगों ने भरपूर आनंद लिया। बच्चे विभिन्न झूलों पर झूलते नजर आए।
कलाकारों के लिए आज पंजीकरण कराने का आखिरी मौका
अमर उजाला शुभ-लाभ शॉपिंग कार्निवल में अपनी प्रतिभा दिखाने के इच्छुक कलाकार भी निशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं। इसके लिए डांस, शास्त्रीय नृत्य और संगीत संस्थाओं से जुड़े प्रतिभागी अपना नाम, उम्र और मोबाइल नंबर 9675897474 व 9675897416 व्हाट्सएप के माध्यम से भेजकर पंजीकरण करा सकते हैं।