क्षेत्र के महेवा स्थित शुआट्स विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डा.अर्पण शेरिंग के साथ अभद्रता और जान से मारने की धमकी दी गई है। संस्थान के सुरक्षा अधिकारी आरके सिंह ने इस मामले में आरोपी पूर्व छात्र मो. अजरुद्दीन पुत्र बदरुद्दीन निवासी महेवा, नैनी के विरुद्ध शनिवार को मुकदमा दर्ज कराया है। सुरक्षा अधिकारी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब सवा तीन बजे आरोपी पूर्व छात्र पीएचडी की समय सीमा बढ़ाने की बात को लेकर प्रोफेसर से मिलने उनके विभाग में गया था। जहां बातचीत के दौरान वह आवेशित हो गया और प्रोफेसर से अभद्र व्यवहार करने लगा।
मना करने पर उनको मारने के लिए दौड़ा लिया। प्रोफेसर ने चीफ प्रॉक्टर को फ ोन करने की कोशिश की तो उनका मोबाइल फोन छीनकर पटक दिया। इस बीच विभाग में अफरा तफरी मच गई। वहां मौजूद अन्य प्राध्यापक और कर्मचारियों ने प्रोफेसर अर्पण को किसी तरह से बाहर निकाल कर उनकी जान बचाई। पूर्व छात्र ने प्रोफेसर अर्पण एवं प्रति कुलपति प्रोफेसर एकेए लारेंस और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस मामला दर्ज करके जांच कर रही है।