मिनी मुंबई कहे जाने वाले मध्य प्रदेश के इंदौर के लिए प्रयागराज से एक बार फिर से सीधी उड़ान शुरू होगी। विमानन कंपनी एलाइंस एयर ने प्रयागराज से इंदौर के लिए सीधी उड़ान शुरू करने की तैयारी की है। बताया जा रहा है कि अगले माह के अंतिम सप्ताह से लागू हो रहे नागर विमानन निदेशालय (डीजीसीए) के विंटर शेड्यूल में इसे शामिल किया जा रहा है।
दरअसल, प्रयागराज से इंदौर के लिए पूर्व में दो बार सीधी उड़ान शुरू हुई। यहां से पहले जेट एयरवेज में सप्ताह में तीन दिन उड़ान संचालित की, लेकिन कुंभ 2019 के बाद अप्रैल माह में यह सेवा बंद हो गई। फिर विमानन कंपनी इंडिगो ने इंदौर के लिए 31 अक्तूबर 2021 से सीधी उड़ान शुरू की।
तब इस फ्लाइट का उद्घाटन सूबे के तत्कालीन नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी और सांसद केशरी देवी पटेल ने किया था, लेकिन पिछले वर्ष 28 अक्तूबर को यह उड़ान अचानक बंद कर दी गई। इसके बाद यह मुद्दा एयरपोर्ट सलाहकार समिति की बैठक में जोर शोर से उठाया गया।
तत्कालीन सांसद केशरी देवी पटेल यह मामला उड्डयन मंत्रालय भी ले गईं। फिलहाल अब विमानन कंपनी एलाइंस एयर ने इस सेवा को शुरू करने की तैयारी की है। बताया जा रहा है कि 27 अक्तूबर से यह सेवा शुरू हो सकती है। इसका संचालन सप्ताह में तीन दिन प्रयागराज से इंदौर के बीच होगा। बाकी तीन दिन इसे देहरादून के लिए चलाया जा सकता है। हालांकि, देहरादून को लेकर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।