दुनका-बिहारीपुर रोड पर बहगुल नदी के पुल के पास चल रहा है कामसंवाद न्यूज एजेंसीमीरगंज। बहगुल नदी पर बने पुल की मरम्मत के काम में लापरवाही का आरोप लगाकर बुधवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने ठेकेदार पर मानक से कम मिट्टी डालने का आरोप लगाया। समय से पहले ही सड़क नदी में समाने का अंदेशा जताया।
2021 में आई बाढ़ के दौरान दुनका-बिहारीपुर रोड पर बने पुल का एक हिस्सा और सड़क नदी में समा गई थी। लंबे समय से ग्रामीण इसकी मरम्मत करने की मांग कर रहे हैं। जून 2023 में बजट स्वीकृत हुआ। अब इसकी मरम्मत की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार सड़क निर्माण में लापरवाही बरत रहा है।
मानक से कम मिट्टी यहां डाली जा रही है। सड़क की ऊंचाई कम है। इस वजह से जलस्तर बढ़ने पर सड़क नदी में समाने का डर है। बिहारीपुर गांव के ग्राम प्रधान भजन लाल, प्रेम सिंह, चंद्रपाल, अनोखेलाल, हरीश कुमार, अबरार, रामकुमार, सतीश चंद्र, मुजीब अहमद आदि ने बताया कि लंबे समय से क्षेत्र के लोग परेशानी उठा रहे हैं। अब काम शुरू हुआ है। ठेकेदार की लापरवाही से यह सड़क फिर से नदी में समा जाएगी। लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी स्थानीय लोगों को इसका फायदा नहीं मिल पाएगा।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता विवेक त्रिवेदी से बात की गई तो उन्होंने ग्रामीणों को मौके पर पहुंचकर जांच करने का भरोसा दिया। कहा कि मानक के अनुरूप ही काम कराया जाएगा। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया। मामले में एक्सईएन से बात करने का प्रयास किया गया मगर संपर्क नहीं हो पाया।