चाका ब्लॉक में तैनात ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) सुगंधा शुक्ला पर निलंबन अवधि में आठ लाख रुपये की अनियमितता का आरोप लगा है। मामले में जिला पंचायत राज अधिकारी ने जांच शुरू करा दी है। चाका से पहले सैदाबाद ब्लॉक में भी तैनाती के दौरान वीडीओ सुगंधा शुक्ला पर अनियमितता का आरोप लगा था। प्राथमिक जांच में दोषी पाए जाने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया था और तैनाती चाका ब्लॉक में कर दी गई थी।
बाद में विभागीय जांच हुई और उसमें भी वीडीओ को दोषी पाया गया, लेकिन तीन माह की अवधि बीत जाने के कारण वीडीओ की बहाली हो चुकी थी। इस पर जिला विकास अधिकारी जीपी कुशवाहा ने वीडीओ को प्रतिकूल प्रविष्ट जारी करने के साथ वेतन वृद्धि रोकते हुए कार्रवाई समाप्त कर दी। इस बीच जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) के समक्ष शिकायत आई कि वीडीओ ने निलंबन अवधि के दौरान चाका ब्लॉक में आठ लाख रुपये की अनियमितता की है। इस पर डीपीआरओ रवि शंकर द्विवेदी ने वीडीओ के खिलाफ जांच शुरू करा दी है। डीपीआरओ ने जांच की जिम्मेदारी एडीओ पंचायत आदित्य पोड़वाल को सौंपी है।