प्रयागराज। कर्नलगंज में कचहरी परिसर के बाहर मुकदमे की तारीख से लौट रहे मोहम्मद जीशान पर हमला किया गया। कुछ लोगों ने उसे मारा-पीटा और मुकदमे की पैरवी न करने की धमकी दी। पीड़ित ने कर्नलगंज थाने में एक नामजद व चार पांच अज्ञात के खिलाफ एफ आई आर दर्ज कराई है।
उत्तरांव थाना क्षेत्र के दमगड़ा निवासी जीशान ने पुलिस को बताया कि पूर्व में हुए जानलेवा हमले के एक मामले में वह पैरवी के लिए जिला कचहरी आया था। इस दौरान उसने अपनी बाइक जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर खड़ी की थी। आरोप है कि वह बाइक निकाल ही रहा था कि तभी बेली में रहने वाला अनीस अहमद उर्फ गुड्डू अपने चार पांच अज्ञात साथियों के साथ आया और गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हमला बोल दिया। अपने साथियों के साथ मिलकर उसे जमकर पीटा। शोरगुल मचाने पर आसपास के लोग दौड़े तो हमलावर भाग निकले। इससे पहले उन्होंने मुकदमे में पैरवी ना करने के लिए भी धमकाया। इसके बाद पीड़ित ने कर्नलगंज थाने पहुंचकर तहरीर दी। कर्नलगंज स्पेक्टर विश्वजीत सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।