अतरसुइया में 1 दिन पहले हुई युवक की हत्या के मामले का बृहस्पतिवार को खुलासा हो गया। पुलिस ने मृतक के दोस्त को गिरफ्तार कर बताया कि उसने ही पुरानी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया। हत्या में प्रयुक्त असलहे की तलाश की जा रही है।
शाहगंज के यासीन गली का रहने वाला खुर्शीद( 33) एक दिन पहले संदिग्ध हाल में अतरसुइया थाना क्षेत्र के कालरा नर्सिंग होम के पास मृत मिला था। उसका खून से लथपथ शव देख घरवालों ने हत्या का आरोप लगाया लेकिन पुलिस इसे हादसा बताती रही। पंचनामा के दौरान स्पष्ट हो गया कि गोली मारकर उसकी हत्या की गई थी। जांच पड़ताल शुरू हुई तो पता चला कि वारदात से कुछ घंटों पहले मृतक करेली के नल्ला नाम के युवक के साथ देखा गया था।
पुलिस उसकी तलाश में जुटी और कुछ घंटों बाद ही उसे हिरासत में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ में वह टूट गया और हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि करीब एक महीने पहले खुर्शीद ने चौक में उसे सरेआम पीटा था। इसी बेइज्जती का बदला लेने के लिए वह मौके की ताक में था और बुधवार को धोखे से उसके साथ घूमने के लिए निकला। रास्ते में मौका पाकर उसे गोली मार दी और फिर सबको वहीं छोड़कर भाग निकला। पुलिस का कहना है कि हत्या में प्रयुक्त असलहा बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।