फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एलटी ग्रेड सामाजिक विज्ञान का परिणाम जल्द

Mon, 12 Oct 2020 10:37 AM IST
अमर उजाला लोकल ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) इस हफ्ते एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती के तहत सामाजिक विज्ञान के १८५४ पदों का अंतिम चयन परिणाम जारी कर सकता है। पेपर लीक मामले में हिंदी और सामाजिक विज्ञान विषय के ३२८७ पदों का रिजल्ट डेढ़ साल से फंसा हुआ था। एसटीएफ की ओर से मामले में अंतिम चार्जशीट दाखिल किए जाने के बाद आयोग ने हिंदी का रिजल्ट कुछ दिनों पहले ही जारी किया है और अभ्यर्थियों को अब सामाजिक विज्ञान के रिजल्ट का इंतजार है।
विज्ञापन


पंद्रह विषयों में एलटी ग्रेड शिक्षकों के १०७६८ पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा २९ जुलाई २०१८ को आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद पेपर लीक के आरोप में हिंदी और सामाजिक विज्ञान का रिजल्ट रोक दिया गया था और बाकी १३ विषयों का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया गया था। अन्य विषयों के चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग भी शुरू हो चुकी है और उन्हें जल्द ही स्कूल आवंटित हो जाएंगे। पेपर लीक मामले की जांच डेढ़ साल से अधिक समय तक चली और इसी वजह से हिंदी एवं सामाजिक विज्ञान विषय का रिजल्ट अटका रहा।

एसटीएफ ने सितंबर में पेपर लीक मामले में अंतिम चार्जशीट दाखिल की, जिसके बाद आयोग ने हिंदी एवं सामाजिक विज्ञान विषय के रिजल्ट जारी करने का निर्णय लिया। साथ ही तय हुआ कि चार्जशीट में जिन अभ्यर्थियों के नाम शामिल हैं, उन्हें छोडक़र बाकी सभी अभ्यर्थियों के परिणाम जारी कर दिए जाएंगे। इसी क्रम में आयोग ने पिछले दिनों हिंदी विषय के १४३३ पदों का रिजल्ट जारी कर दिया। अभ्यर्थियों को ज्वाइनिंग में देर न हो, सो आयोग ने तुरंत ही चयनित अभ्यर्थियों के अभिलेख सत्यापन का कार्यक्रम भी जारी कर दिया।
विज्ञापन


अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया १५ अक्तूबर से शुरू होने जा रही है। पांच नवंबर को सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति की संस्तुति माध्यमिक शिक्षा निदेशालय को भेज देगा। वहीं, सामाजिक विज्ञान के १८५४ पदों का परिणाम इसी हफ्ते जारी किए जाने की तैयारी है। इनमें पुरुष वर्ग के ९२६ और महिला वर्ग के ९२८ पद शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक आयोग के कर्मचारी और अफसर पीसीएस-२०२० की प्रारंभिक परीक्षा की तैयारियों को लेकर व्यस्त थे, इसी वजह से सामाजिक विज्ञान के रिजल्ट के लिए अभ्यर्थियों को थोड़ा इंतजार करना पड़ गया। ११ अक्तूबर को प्रारंभिक परीक्षा के बाद अब जल्द ही एलटी ग्रेड सामाजिक विज्ञान का रिजल्ट जारी किया जा सकता है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें