प्रयागराज। कोरोना काल में भले ही गिनती भर की ट्रेनें चल रहीं हो लेकिन इसका फर्क टिकट दलालों पर नहीं पड़ा है। ट्रेनों की सीमित संख्या और उसमें लंबी प्रतीक्षा सूची ने टिकट दलालों की राह आसान कर दी है। ई टिकट बुक कराकर यह दलाल आसानी से उसे मनमुताबिक दाम में बेच रहे हैं। ऐसा ही एक टिकट दलाल आरपीएफ रामबाग ने पकड़ा। उसके पास से दर्जन भर अवैध ई टिकट बरामद हुए।
आरपीएफ प्रयागराज रामबाग को सूचना मिली थी कि सराय ममरेज थाना में एक ही आईपी एड्रेस के माध्यम से हर रोज कई ई टिकट बनाए जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद प्रभारी रामबाग राजेश कुमार एसआई अभिषेक बहादुर सिंह आदि के साथ हरिपुर पहुंचे। उन्होंने आईआरसीटीसी की मदद से आईपी एड्रेस पहले ही ट्रेस कर लिया। संबंधित स्थान पर हरकेश यादव नाम के युवक को गिरफ्तार किया गया। आरपीएफ प्रभारी ने बताया कि युवक ने कई पर्सनल आईडी बना रखी थी। उसके पास से विभिन्न शहरों की ओर जाने वाली ट्रेनों के एक दर्जन अवैध टिकट बरामद किए गए। इसका मूल्य दस हजार रुपये था। युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।