इलाहाबाद विश्वविद्यालय के कुलपति पद को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। राष्ट्रपति ने कुलाधिपति के रूप में प्रो. संगीता श्रीवास्तव को दूसरे कार्यकाल के लिए कुलपति नियुक्त किया है। उनका नया कार्यकाल 16 सितंबर 2026 से प्रभावी माना जाएगा और यह पांच वर्ष या 70 वर्ष की आयु पूरी होने तक रहेगा।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव का कार्यकाल पांच साल के लिए बढ़ा दिया गया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव की पुनर्नियुक्ति का आदेश जारी किया है।
विज्ञापन
आदेश में कहा गया है कि उनका दूसरा कार्यकाल 16 सितंबर 2026 से प्रभावी होगा। यह कार्यकाल पांच वर्ष या 70 वर्ष की आयु पूरी होने तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगा। शिक्षा मंत्रालय के अवर सचिव राजेश कुमार की ओर से 22 सितंबर 2026 को जारी आदेश में कहा गया है कि कुलपति के रूप में प्रो. संगीता श्रीवास्तव की सेवा की शर्तें इलाहाबाद विश्वविद्यालय के अधिनियम, परिनियम और अध्यादेश आदि में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार होंगी।