रैगिंग के आरोप में इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के तीन छात्रों को डायमंड जुबली से तीन छात्रों को निष्कासित कर दिया गया है। तीनों को विश्वविद्यालय से निलंबित करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। रैगिंग की शिकायत पर हुई जांच के आधार पर इविवि के चीफ प्रॉक्टर प्रो. राकेश सिंह ने बृहस्पतिवार को यह कार्रवाई की।
चीफ प्राॅक्टर को शिकायत मिली थी कि कुटीलिया सैंडई जेठवारा प्रतापगढ़ निवासी विधि द्वितीय वर्ष के छात्र आकाश मिश्र, खागा फतेहपुर निवासी एमए द्वितीय वर्ष के छात्र अच्युत त्रिपाठी व भतरा जिगना मिर्जापुर निवासी एमकाॅम द्वितीय वर्ष के छात्र कुलदीप सिंह डायमंड जुबली हॉस्टल में अपने जूनियर को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते हैं। चीफ प्रॉक्टर कार्यालय के साथ एंटी रैगिंग पोर्टल पर भी इसकी शिकायत की गई थी।
यह शिकायत भी मिली थी कि इंट्रो के नाम पर तरह-तरह की शारीरिक प्रताड़नाएं देते हैं। इस मामले की जांच कराई गई तो प्रथमदृष्टया आरोप तथ्यपूर्ण पाए गए। नोटिस में कहा गया है कि यह कृत्य रैंगिंग की श्रेणी में गंभीर अपराध माना गया है। साथ ही यह कृत्य विश्वविद्यालय की अनुशासनसंहिता/नियमावली का घोर उल्लंघन एवं अपराध की श्रेणी में आता है। इसलिए तीनों को तत्काल प्रभाव से इविवि से निलंबित करते हुए छात्रावास से निष्कासित किया जाता है।