फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इलाहाबाद विवि : दो विषयों में प्रवेश को लेकर तकनीकी पेच, CUET में नहीं भरा इविवि का विकल्प, पर पंजीकरण कराया

Wed, 26 Jul 2023 02:20 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

सीयूईटी में शामिल तीन लाख 43 हजार 950 अभ्यर्थियों ने प्रवेश के लिए इविवि का विकल्प चुना है। यह संख्या बहुत बड़ी है, लेकिन दो पाठ्यक्रमों के लिए किसी भी अभ्यर्थी ने इविवि को विकल्प के रूप में नहीं चुना।
विज्ञापन
Prayagraj News : इलाहाबाद विश्वविद्यालय। विजयनगरम हॉल। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में सत्र 2023-24 में नई शिक्षा नीति के तहत छह पाठ्यक्रमों में प्रवेश होने हैं, लेकिन इनमें से दो पाठ्यक्रमों में प्रवेश को लेकर तकनीकी पेच है। अभ्यर्थियों ने सेंट्रल यूनिवर्सिटी इंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) में इन दोनों विषयों के लिए इविवि का विकल्प ही नहीं भरा। इविवि प्रशासन तय नहीं कर सका है कि इन विषयों में प्रवेश कैसे लिया जाए।

विज्ञापन


सीयूईटी में शामिल तीन लाख 43 हजार 950 अभ्यर्थियों ने प्रवेश के लिए इविवि का विकल्प चुना है। यह संख्या बहुत बड़ी है, लेकिन दो पाठ्यक्रमों के लिए किसी भी अभ्यर्थी ने इविवि को विकल्प के रूप में नहीं चुना। इनमें आपदा प्रबंधन एवं पर्यावरण अध्ययन में पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स और प्रबंधन (बीबीए एवं एमबीए) में पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड पाठ्यक्रम शामिल हैं।

इविवि प्रशासन की ओर से यह पहले ही स्पष्ट किया जा चुका है कि सीयूईटी के तहत इविवि में प्रवेश के लिए उन्हीं अभ्यर्थियों को पात्र माना जाएगा, जिन्होंने सीयूईटी के आवेदन में इविवि का विकल्प भरा था। इसके बावजूद इन दोनों पाठ्यक्रमों के लिए अभ्यर्थियों ने इविवि में पंजीकरण करा लिए हैं।
विज्ञापन


अब सवाल यह है कि जब सीयूईटी में इन विषयों के लिए अभ्यर्थियों ने इविवि का विकल्प भरा ही नहीं, तो वे प्रवेश के लिए पात्र कैसे होंगे। फिलहाल, सीयूईटी के माध्यम से दाखिले के लिए इविवि में पंजीकरण की अंतिम तिथि 28 जुलाई निर्धारित की गई है। सूत्रों का कहना है कि पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद इस मसले पर इविवि प्रशासन कोई निर्णय ले सकता है।

विज्ञापन

यूजी में प्रवेश के लिए 45 हजार से अधिक पंजीकरण

सीयूईटी के माध्यम से इविवि में स्नातक (यूजी) प्रवेश के लिए अब तक 45 हजार से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने में तीन दिन बाकी हैं, ऐसे में पंजीकरण की संख्या 50 हजार तक पहुंचने की उम्मीद है। मंगलवार शाम तक कुल 45843 अभ्यर्थी ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके थे और इनमें से 34031 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण शुल्क भी जमा कर दिया है।

आर्य कन्या में यूजी और पीजी प्रवेश आज से

आर्य कन्या डिग्री कॉलेज में यूजी और पीजी प्रवेश की प्रक्रिया 26 जुलाई से शुरू हो जाएगी। कॉलेज की प्राचार्य प्रो. अर्चना पाठक के अनुसार बीए एवं बीकॉम प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए इविवि में पंजीकरण करा चुकीं छात्राएं महाविद्यालय में अपने सीयूईटी अंकपत्र, विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रेशन स्लिप एवं एबीसी आईडी के साथ और एमए प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए इविवि की पीजी प्रवेश परीक्षा में शामिल छात्राएं महाविद्यालय में अपने पीजीएटी प्रवेश परीक्षा के अंकपत्र के साथ 26 जुलाई से उपस्थित होकर फार्म प्राप्त करें और संबंधित प्रपत्र के साथ अपनी काउंसलिंग कराएं। फार्म प्राप्त करने के लिए महाविद्यालय में सुबह 11:30 से अपराह्न दो बजे तक संपर्क करें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें