इविवि में जेएनयू की घटना पर समाजवादी छात्र का प्रदर्शन
समाजवादी लोहिया वाहनी ने निकाला शांति मार्च और जुलूस
प्रयागराज। जेएनयू में हिंसा के विरोध में मंगलवार को इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रसंघ भवन के सामने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का पुतला फूंकने पहुंचे समाजवादी छात्रसभा के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को पुतला फूंकने से रोक दिया। वहीं, समाजवादी लोहिया वाहिनी की ओर से शांति मार्च एवं जुलूस निकालकर जेएनयू में हुई हिंसा पर विरोध दर्ज कराया गया।
समाजवादी छात्रसभा के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जेएनयू में छात्रों और शिक्षकों पर हमला करने वाले एबीवीपी के लोग थे। इसी के विरोध में समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष राघवेंद्र यादव के नेतृत्व में समाजवादी छात्रसभा के कार्यकर्ता मंगलवार दोपहर छात्रसंघ के भवन के बाहर इकट्ठा हुए। उनके हाथ में गृहमंत्री का पुतला था। हालांकि पुतला फूंकने से पहले पुलिस ने उसे छीन लिया। इस पर छात्र और पुलिस के बीच झड़प हो गई। हालांकि कुछ देर बाद मामला शांत हो गया। इस दौरान समाजवादी छात्रसभा के जिलाध्यक्ष अखिलेश गुप्ता समेत अवनीश यादव, अदील हमजा, जितेंद्र धनराज, विजयकांत, शिवबली, अजीत विधायक आदि मौजूद रहे।
इस घटना के बाद समाजवादी लोहिया वाहनी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राम करन निर्मल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय के विधि संकाय स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक शांति मार्च और जुलूस निकाला। कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालयों में छात्र-छात्राओं के साथ हो रही हिंसा का विरोध किया और आरोप लगाया कि भाजपा सरकार शिक्षण संस्थानों का भगवाकरण कर रही है। मांग की गई कि सरकार छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करे। इस दौरान मयंक यादव, संदीप यादव, अरविंद सरोज, नेहा यादव, विकास शर्मा, अमित सरोज, रविकांत, अरुण कनौजिया आदि मौजूद रहे।
Allahabad university sutudents demonstrated in solidarity wity JNU- फोटो : CITY DESK