परीक्षा देकर लौट रहे इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के छात्र पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। हमले में घायल छात्र का हाथ टूट गया। साथी छात्रों ने आरोप लगाया कि बीते 18 अप्रैल से लगातार किसी न किसी छात्र पर हमला हो रहा है, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।छात्र ओम शंकर राज ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि सोमवार को वह अपने साथी अंशुल यादव के साथ दोपहर लगभग 2:30 बजे परीक्षा देकर लौट रहा था तभी बैंक रोड स्थित इविवि के वाणिज्य विभाग के सामने उस पर 25 से 30 लोगों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
हमले में ओम शंकर का हाथ टूट गया और उसे गंभीर चोटें भी आईं। 18 अप्रैल से लगातार हो रहे हमलों में इविवि के सर्वपल्ली राधाकृष्णन छात्रावास के छात्रों को ही निशाना बनाया जा रहा है। इससे छात्रावास के छात्रों में डर का माहौल है।
छात्रों ने बताया कि सबसे पहले 18 अप्रैल को शशांक शेखर झा पर हमला हुआ था, जिसमें उसका सिर फट गया था। वहीं, दूसरी घटना 22 अप्रैल को हुई थी और तीसरी घटना सोमवार को हुई, जिसमें ओम शंकर का हाथ टूट गया। सभी मामलों में कर्नलगंज पुलिस को तहरीर दी गई है।