इलाहाबाद विश्वविद्यालय के एसो. प्रोफेसर के खिलाफ बृहस्पतिवार को कर्नलगंज थाने में छेड़खानी की तहरीर दी गई। पूर्व में विवि में अतिथि प्रवक्ता के तौर पर तैनात रही महिला ने यह तहरीर देते हुए रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। हालांकि देर रात तक मुकदमा नहीं दर्ज हो सका था। उधर पुलिस तहरीर मिलने की बात से इंकार करती रही।
महिला ने तहरीर में एसो. प्रोफेसर के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया है कि उसके साथ छह महीने तक अभद्र व्यवहार होता रहा। आरोपी प्रोफेसर उससे छेड़छाड़ करते रहे। महिला ने अतिथि प्रवक्ता रहते हुए अपने कार्यकाल के अंतिम दिन 30 अप्रैल 2017 को विवि प्रशासन से शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद जांच कमेटी बनाई गई थी। साथ ही आरोपी प्रोफेसर ने कमेटी के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष भी रखा था। उधर पुलिस पीड़िता की ओर से कोई तहरीर मिलने की बात से इंकार करती रही। सीओ श्रीश्चंद्र का कहना है कि पीड़िता के थाने में प्रस्तुत होकर तहरीर दिए जाने की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। तहरीर दी गई है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।