-एक छात्र ने अपलोड कर दीं 20 पीडीएफ फाइलें
-इविवि की ऑनलाइन परीक्षाओं में समस्या बरकरार
प्रयागराज। इविवि की ऑनलाइन परीक्षाओं में समस्या बनी हुई है। कुछ परीक्षार्थियों की लापरवाही के कारण परीक्षार्थियों से अधिक संख्या में कॉपियों की पीडीएफ पोर्टल पर अपलोड हो जा रही है और परीक्षा विभाग को कॉपियां छांटकर अलग करने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। शनिवार को एक परीक्षार्थी ने एक उत्तर पुस्तिका की 20 पीडीएफ फाइलें अपलोड कर दीं। वहीं, दो हजार परीक्षार्थियों के मुकाबले पोर्टल पर साढ़े तीन हजार क्लिक हुए।
शनिवार को केवल पहली पाली में राजनीति विज्ञान अंतिम वर्ष और एलएलबी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा आयोजित की गई। हालांकि इसमें दो हजार परीक्षार्थियों को शामिल होना था और अब तक हुईं परीक्षाओं में परीक्षार्थियों की यह संख्या सर्वाधिक थी। एक परीक्षार्थी ने 20 पन्नों पर जवाब लिखा और हर पन्ने की अलग पीडीएफ बनाकर उसे पोर्टल पर अपलोड कर दिया। ऐसे में उसकी 20 पीडीएफ फाइलें अपलोड हो गईं, जबकि उत्तर पुस्तिका की एक पीडीएफ फाइल अपलोड की जानी थी। इस तरह की गलती कई परीक्षार्थी कर रहे हैं। यही वजह है कि परीक्षार्थियों से अधिक संख्या में पीडीएफ फाइलें अपलोड हो जा रही हैं। इसके अलावा सुबह परीक्षा शुरू होते वक्त पोर्टल पर साढ़े तीन हजार लोग पंजीकृत थे और सब एक साथ क्लिक कर रहे थे, जबकि परीक्षार्थी केवल दो हजार थे। ऐसे में सर्वर भी बार-बार धीमा हो जा रहा था।
यह हालत तब है, जब बड़ी संख्या में परीक्षार्थी शिकायत कर रहे हैं कि पोर्टल पर उनकी उत्तर पुस्तिका की पीडीएफ फाइलें अपलोड नहीं हो पा रही हैं। प्रयागराज में रहने वाले तमाम परीक्षार्थियों ने शनिवार को भी इविवि के परीक्षा नियंत्रक के कार्यालय में जाकर उत्तर पुस्तिका की हार्डकॉपी जमा की। इसके अलावा तमाम परीक्षार्थियों ने परीक्षा नियंत्रक को ई-मेल या स्पीड पोस्ट के माध्यम से अपनी कॉपियां भेजी हैं। परीक्षा नियंत्रक प्रो. रामेंद्र सिंह का कहना है कि शनिवार को हुई परीक्षा में परीक्षार्थियों की संख्या सर्वाधिक थी, लेकिन पिछले दिनों के मुकाबले काफी कम शिकायतें आईं।
राज्य विवि की परीक्षा में पकड़े गए पांच नकलची
प्रयागराज। प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय की अंतिम वर्ष एवं अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाओं में शनिवार को शिव प्रसाद महाविद्यालय, अलीपुर मऊआइमा से पांच परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े गए। इसी केंद्र से एक परीक्षार्थी के पास एंड्रॉयड मोबाइल मिला। प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशाम्बी एवं फतेहपुर के 231 केंद्रों में हुई परीक्षा में 17803 परीक्षार्थी शामिल हुए।