छात्रावासों पर छापेमारी के लिए प्रॉक्टर ने जिला एवं पुलिस प्रशासन को लिखा पत्र
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के मुस्लिम बोर्डिंग हाउस और हालैंड हॉल छात्रावास पर अवैध कब्जे को लेकर विवि के प्रॉक्टर प्रो. राम सेवक दुबे ने जिला एवं पुलिस प्रशासन को पत्र लिखा है। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भेजे पत्र में प्रॉक्टर ने चेताया है कि मुस्लिम बोर्डिंग हाउस और हालैंड हॉल में अवैध कब्जा जमाकर रह रहे छात्र इविवि परिसर, छात्रावासों एवं पूरे शहर के लिए खतरा हैं।
अपने पत्र में उन्होंने लिखा है कि छात्रावासों में अवैध तरीके से कब्जा जमाकर रहने वाले अराजक तत्व आए दिन विवि परिसर में हंगामा करते हैं। छात्रावास के साथ आसपास केदूसरे छात्रावासों की सुरक्षा के लिए खतरा हैं। यह शहर में होने वाले अपराधों में भी शामिल पाए जाते हैं। प्रॉक्टर ने विवि, शहर एवं छात्रावासों की सुरक्षा के लिए मुस्लिम बोर्डिंग हाउस और हालैंड हॉल छात्रावास पर छापेमारी करने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से इसके लिए समय मांगा है।