वीसी के आदेश पर दस अफसरों के कार्यों का हुआ निर्धारण
दो ज्वाइंट रजिस्ट्रार, एक असिस्टेंट रजिस्ट्रार का पटल बदला
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के कार्यवाहक कुलपति प्रो. आरआर तिवारी के आदेश पर विश्वविद्यालय के प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है। दस अफसर के कार्यों का नए सिरे से निर्धारण किया गया है और तीन अफसरों का पटल बदलते हुए उन्हें इधर से उधर किया गया है। इनमें एक डिप्टी रजिस्ट्रार, दो ज्वाइंट रजिस्ट्रार और सात असिस्टेंट रजिस्ट्रार शामिल हैं। इस बाबत इविवि के रजिस्ट्रार प्रो. एनके शुक्ला की ओर से अफसरों की तैनाती को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
बदली हुई व्यवस्था में ज्वाइंट रजिस्ट्रार संजय उपाध्याय, असिस्टेंट रजिस्ट्रार देवेश गोस्वामी, असिस्टेंट रजिस्ट्रार केशव किशोर उपाध्याय और असिस्टेंट रजिस्ट्रार सुनील कुमार यादव को रजिस्ट्रार कार्यालय के स्टेबिलेशमेंट विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। सुनील कुमार यादव अब तक वीसी दफ्तर में तैनात थे और इविवि में उनकी नियुक्ति प्रो. हांगलू के कार्यकाल में हुई थी लेकिन अब उनका पटल बदल दिया गया है। ज्वाइंट रजिस्ट्रार संजय उपाध्याय के पास पूर्व कुलपति प्रो. हांगलू के कार्यकाल के शुरुआती दिनों में रजिस्ट्रार का चार्ज भी था लेकिन बाद में प्रो. हांगलू ने उन्हें हटाकर रजिस्ट्रार पद की जिम्मेदारी प्रो. एनके शुक्ला को सौंप दी थी। इसके बाद प्रो. हांगलू के पूरे कार्यकाल में संजय उपाध्याय उपेक्षित रहे।
वहीं, रजिस्ट्रार दफ्तर में स्टेबिलेशमेंट का काम देख रहे ज्वाइंट रजिस्ट्रार एके कनौजिया का पटल बदलते हुए उन्हें संजय उपाध्याय की जगह परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में भेज दिया गया है। इसके अलावा डिप्टी रजिस्ट्रार राजीव गुप्ता को पहली पाली में वित्त एवं लेखा और वीसी कार्यालय का कामकाज देखने के लिए कहा गया है। असिस्टेंट रजिस्ट्रार एके सिंह को डीन कॉलेज डेवलपमेंट कार्यालय में तैनाती दी गई है। असिस्टेंट रजिस्ट्रार अमित कुमार तिवारी, असिस्टेंट रजिस्ट्रार आशीष पांडेय एवं असिस्टेंट रजिस्ट्रार अजय कुमार सिंह को वित्त एवं लेखा विभाग में तैनात किया गया है।
नए डीएसडब्ल्यू ने संभाला कार्यभार
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के नए अधिष्ठाता विद्यार्थी कल्याण (डीएसडब्ल्यू) प्रो. केपी सिंह ने मंगलवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। अब तक इस पद की जिम्मेदारी संभाल रहे प्रो. हर्ष कमार ने दोपहर एक बजे डीएसडब्ल्यू को चार्ज प्रो. केपी सिंह को सौंप दिया। इससे पूर्व प्रो. हर्ष कुमार 13 अक्तूबर 2013 से डीएसडब्ल्यू पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। कार्यभार ग्रहण करने के बाद प्रो. केपी सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण होगा। पठन-पाठन एवं छात्रावास में अनुशासन व्यवस्था को लेकर मूलभूत परिवर्तन किए जाएंगे।