इविवि ने जारी किया क्रेट का परिणाम
0 चार विषयों को छोड़ बाकी सभी का रिजल्ट किया गया घोषित
0 इंटरव्यू के लिए विभागों को 30 जुलाई तक भेजी जाएगी लिस्ट
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) की प्रवेश समिति ने बृहस्पतिवार को संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा (क्रेट) का परिणाम जारी कर दिया। चार विषयों को छोड़ बाकी सभी विषयों को रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। इंटरव्यू के लिए विभागों को 30 जुलाई तक लिस्ट भेज दी जाएगी।
इविवि प्रशासन की ओर से विश्वविद्यालय एवं संघटक कॉलेजों में पीएचडी की 655 सीटों पर प्रवेश के लिए कुल 36 विषयों के लिए क्रेट का आयोजन किया गया था। पहली बार लिखित परीक्षा में नेट एवं जेआरएफ अभ्यर्थियों ने भी भागीदारी की जबकि, इससे पहले उन्हें लिखित परीक्षा में शामिल होने से छूट थी। प्रवेश समिति ने हिंदी, भूगोल, वनस्पति विज्ञान और गृह विज्ञान को छोड़ बाकी सभी 32 विषयों का रिजल्ट घोषित कर दिया है। क्रेट का आयोजन 20 मई को किया गया था और परीक्षा केवल ऑफलाइन मोड में आयोजित की गई थी।
परीक्षा के लिए कुल 6671 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे, जिनमें से 5641 अभ्यर्थी उपस्थित हुए थे और 1030 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी थी। सर्वाधिक 1652 अभ्यर्थियों ने हिंदी विषय के लिए परीक्षा दी थी। प्रवेश समिति के निदेशक प्रो. मनमोहन कृष्ण ने बताया कि परीक्षा का रिजल्ट शुक्रवार, 26 जुलाई को इविवि की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। जो अभ्यर्थी चयनित नहीं हुए हैं, उनका परिणाम अंकों सहित जारी किया जाएगा। चयनितों की सूची 30 जुलाई तक संबंधित विभागों को भेज दी जाएगी। इसके बाद विभाग अपने स्तर से लिखित परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों का इंटरव्यू कराएंगे और फिर अंतिम चयन परिणाम जारी किया जाएगा।