इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पत्राचार संस्थान में दाखिला लेने वाले हजारों छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकार में है। परीक्षा विभाग के पास उनका ब्योरा नहीं है। इसकी वजह से उनके सामने परीक्षा से वंचित होने का खतरा बन गया है। परीक्षा विभाग ने साफ तौर पर कह दिया है कि संस्थान के विद्यार्थियों का परीक्षा कराना संभव नहीं होगा।
विश्वविद्यालय और कालेजों में स्नातक की परीक्षा 10 मार्च से प्रस्तावित है। इस बार से ऑनलाइन प्रवेश पत्र की व्यवस्था की गई है। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उम्मीद है एक सप्ताह में सभी विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे। इसके विपरीत पत्राचार संस्थान के विद्यार्थियों का ब्योरा अभी तक परीक्षा विभाग के पास पहुंचा ही नहीं है।
संस्थान में कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलने की वजह से सबकुछ ठप है। किसी तरह से प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की गई। प्रवेश भी पिछले महीने तक हुए। ऐसे में परीक्षा विभाग की ओर से बार-बार पत्र लिखे जाने के बावजूद संस्थान डिटेल उपलब्ध नहीं करा सका। परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर एचएस उपाध्याय का कहना है कि अब संस्थान के विद्यार्थियों का डिटेल नहीं मिला है। ऐसे में परीक्षा कराना मुश्किल होगा। उन्होंने बताया कि प्रवेश पत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड किए जा रहे हैं।