फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Allahabad University : परीक्षाएं सिर पर, शिक्षक व अफसर कार्यक्रम कराने में व्यस्त, बजट खपाने की होड़

Thu, 06 Mar 2025 12:32 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) और संघटक महाविद्यालयों में स्नातक की परीक्षाएं 18 मार्च से शुरू होने जा रही हैं। शिक्षक व अफसर सालाना बजट खपाने के लिए कार्यक्रमों के आयोजन में व्यस्त हैं। ऐसे में कक्षाओं का संचालन प्रभावित हो रहा है।
विज्ञापन
इलाहाबाद विश्वविद्यालय। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) और संघटक महाविद्यालयों में स्नातक की परीक्षाएं 18 मार्च से शुरू होने जा रही हैं। शिक्षक व अफसर सालाना बजट खपाने के लिए कार्यक्रमों के आयोजन में व्यस्त हैं। ऐसे में कक्षाओं का संचालन प्रभावित हो रहा है।

महाकुंभ में भीड़ व यातायात प्रतिबंधों के कारण विश्वविद्यालय व संघटक महाविद्यालय कई दिन बंद रहे। इसके एवज में शनिवार के साप्ताहिक अवकाश पर विश्वविद्यालय व कॉलेज खोले गए। लेकिन, यातायात प्रतिबंधों के कारण ज्यादातर छात्र विश्वविद्यालय व कॉलेजों तक नहीं पहुंच सके। महाकुंभ के बाद हालात सामान्य हुए तो सालाना बजट खपाने के लिए कार्यक्रमों के आयोजन का सिलसिला शुरू हो गए, जो थमने का नाम नहीं ले रहा।

छात्रों का कहना है कि उनका कोर्स अधूरा है। जब अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन होना चाहिए, तब शिक्षक व अफसर कार्यक्रमों के आयोजन में व्यस्त हैं। सेमिनार, संगोष्ठी, कार्यशालाएं लगातार हो रही हैं। ज्यादातर कॉलेजों में एनएसएस के विशेष शिविरों का आयोजन भी शुरू हो गया है। इससे छात्र-छात्राओं को परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा।

विज्ञापन


इविवि के विधि संकाय में आठ व नौ मार्च को मूट कोर्ट प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। जबकि, 18 मार्च से बीएएलएलबी, एलएलबी व एलएलएम की विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू होने जा रही हैं। आयोजन से बीएएलएलबी व एलएलबी के ज्यादातर छात्र जुड़े हैं। उन्हें व्यवस्थाओं में भी लगाया जाएगा, जिसकी वजह से पढ़ाई प्रभावित होगी।

वहीं, बीए, बीकॉम व बीएससी की वार्षिक परीक्षाएं भी 18 मार्च से शुरू होने जा रही हैं। आर्यकन्या डिग्री कॉलेज, ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज, एसएस खन्ना महिला महाविद्यालय समेत कई कॉलेजों में एनएसएस के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें कॉलेज के छात्र-छात्राएं व्यस्त हैं। ऐसे में पढ़ाई के लिए समय निकाल पाना भी मुश्किल हो गया है। सीएमपी डिग्री कॉलेज में हीरक जयंती वर्ष के अवसर पर रोज कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यशालाएं भी कराई जा रही हैं। छात्र-छात्राएं परेशान हैं कि पढ़ाई के साथ इन कार्यक्रमों के लिए समय कैसे निकालें। वहीं, कार्यक्रम कराने के दबाव में शिक्षकों के लिए भी कक्षाओं का नियमित संचालन मुश्किल हो गया है।

विज्ञापन

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, इलाहाबाद विश्वविद्यालय इकाई के अध्यक्ष आलोक त्रिपाठी का कहना है कि महाकुंभ के कारण विश्वविद्यालय में कई दिनों का अवकाश था। इसके कारण शनिवार को कक्षाएं संचालित करने का आदेश दिया गया। हालांकि, विश्वविद्यालय के विभाग बजट खर्च करने के लिए कार्यक्रमों में व्यस्त हैं और कक्षाएं सुचारू रूप से नहीं चल रही हैं।

शिक्षकों की लापरवाही के कारण महाकुंभ के दौरान ऑनलाइन कक्षाएं भी नहीं हो पाईं, जिससे अब परीक्षाओं को लेकर छात्र चिंतित हैं। समाजवादी छात्र सभा के इलाहाबाद विश्वविद्यालय के इकाई महासचिव आशुतोष मौर्या का कहना है कि कई पाठ्यक्रमों का सिलेबस अभी पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में छात्र-छात्राओं की परीक्षा संबंधी तैयारी प्रभावित हो रही है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें