इविवि: बीपीए में सीधे होगा दाखिला
-निर्धारित सीटों के सापेक्ष कम संख्या में आए आवेदन
-बीएफए प्रयोगात्मक परीक्षा का परिणाम वेबसाइट पर हुआ जारी
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2021-22 में प्रवेश सिलसिला जारी है। अंडर ग्रेजुएट एडमिशन टेस्ट (यूजीएटी) के तहत अब बैचलर आफ परफार्मिंग आर्ट्स (बीपीए) में बगैर प्रयोगात्मक परीक्षा के छात्रों को दाखिला दिया जाएगा। दरअसल, बीपीए में निर्धारित सीटों के मुकाबले कम संख्या में आवेदन कम आने के चलते प्रवेश प्रकोष्ठ ने यह निर्णय लिया है। वहीं सोमवार को बैचलर आफ फाइन आर्ट (बीएफए) की प्रयोगात्मक परीक्षा का परिणाम सोमवार को जारी कर दिया गया। विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.aupraveshw®wv.com पर अभ्यर्थी अपना परिणाम देख सकते हैं।
प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. आइआर सिद्दीकी के मुताबिक बीपीए और बीएफए में लिखित परीक्षा के बाद प्रयोगात्मक परीक्षा होती है। इसके बाद दोबारा परीक्षा परिणाम जारी किया जाता है। इसके आधार पर मेरिट तैयार कर अभ्यर्थियों का प्रवेश लिया जाता है। बीएफए की लिखित परीक्षा के बाद प्रयोगात्मक परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया। हालांकि, बीपीए में 113 सीटों के सापेक्ष 54 अभ्यर्थियों ने प्रवेश के लिए आवेदन किया है। इसमें अभ्यर्थियों को सीधे प्रवेश दिया जाएगा।
बीए का नया कटआफ जारी
प्रवेश को-आर्डिनेटर प्रो. एआर सिद्दीकी की विज्ञप्ति के अनुसार 28 दिसंबर को ईडब्ल्यूएस में 168.30 और 29 दिसंबर को ओबीसी में 168 अथवा अधिक अंक पाने वाले अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया है। 30 दिसंबर को एससी वर्ग में 138 अथवा अधिक अंक और शिक्षक-कर्मचारी कोटे के तहत सभी अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होगी। अभ्यर्थियों को चैथम लाइन स्थित प्रवेश भवन पर सुबह 9:30 से 12:30 बजे के बीच उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। काउंसिलिंग और प्रवेश की प्रक्रिया दोपहर दो बजे से शुरू होगी।
बीए में 178, एलएलबी में 36 दाखिले
प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. आइआर सिद्दीकी के मुताबिक सोमवार को बीए में कुल 178 अभ्यर्थियों ने प्रवेश लिया। इसमें ओबीसी से 177 और एसटी वर्ग के केवल एक विद्यार्थी ने प्रवेश लिया। इसके अलावा एलएलबी में कुल 36 अभ्यर्थियों ने प्रवेश लिए। इसमें अनारक्षित वर्ग से 11, ओबीसी से 17 और एससी से आठ अभ्यर्थी शामिल रहे।
शीतकालीन अवकाश में भी जारी रहेगा प्रवेश
इविविं में 31 दिसंबर तक शीतकालीन अवकाश है, लेकिन इस दौरान प्रवेश की प्रक्रिया जारी रहेगी। रजिस्ट्रार प्रो.
एनके शुक्ल ने इस बाबत नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस नोटिफिकेशन में स्पष्ट कहा गया है कि जिन शिक्षकों और कर्मचारियों की ड्यूटी प्रवेश भवन में लगाई गई
है, वह प्रवेश भवन को सीधे रिपोर्ट करेंगे।