एलएलबी की एक सीट पर आठ, एलएलएम में 15 दावेदार
इविवि, इलाहाबाद डिग्री कॉलेज और सीएमपी डिग्री कॉलेज में एलएलबी की 375-375 सीटें हैं। एलएलबी की कुल 1125 सीटों में प्रवेश के लिए 9147 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। यानी एलएलबी की एक सीट पर आठ दावेदार हैं। वहीं, एलएलएम की एक सीट पर 15 अभ्यर्थियों ने दावा किया है। इविवि, इलाहाबाद डिग्री कॉलेज और सीएमपी डिग्री कॉलेज में एलएलएम की 190 सीटों में दाखिले के लिए 2788 आवेदन आए हैं।
आईपीएस के पाठ्यक्रमों के लिए सबसे कम आवेदन
इविवि में इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज (आईपीएस) के तहत संचालित पाठ्यक्रमों के लिए भी आवेदन मांगे गए थे। लेकिन, आईपीएस की ओर से संचालित एक दर्जन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए महज 1111 आवेदन ही आए हैं।
एमबीए-एमबीएआरडी में एक सीट पर 11 दावेदार
- इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में एमबीए की 58 और जीबी पंत सामाजिक विज्ञान संस्थान में एमएबीएआरडी की 58 सीटों में प्रवेश लिए जाने हैं। दोनों पाठ्यक्रमों की कुल 116 सीटों के लिए 1269 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं यानी एक सीट पर 11 दावेदार हैं।
बीएड में प्रवेश के लिए सर्वाधिक स्पर्धा
अन्य पाठ्यक्रमों की अपेक्षा इविवि में बीएड में प्रवेश के लिए स्पर्धा सबसे अधिक है। इस पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए एक सीट पर 17 दावेदार हैं। बीएड की 188 सीटों पर प्रवेश के लिए 3140 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। वहीं, एमएड की 63 सीटों के लिए 700 अभ्यर्थियों ने दावेदारी की है।
दो विषयों में कोई आवेदव नहीं
दो विषयों में एक भी आवेदन नहीं आया। एमएससी इन मैटीरियल साइंस के लिए 10 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराए थे, लेकिन किसी ने भी आवेदन की प्रक्रिया पूरी नहीं की। एमपीए (वोकल, सितार, तबला) के तहत सिर्फ दो अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराए, लेकिन दोनों ने ही आवेदन नहीं किए। ऐसे में इन विषयों की प्रवेश परीक्षा नहीं हो सकेगी।
प्रवेश परीक्षाएं चार अगस्त से कराने की तैयारी
इविवि प्रशासन चार अगस्त से प्रवेश परीक्षाएं कराने की तैयारी कर रहा है। पीजी प्रवेश के चेयरमैन प्रो.प्रशांत घोष का कहना है कि परीक्षा केंद्रों के निर्धारण का काम शुरू कर दिया गया है। चार अगस्त से पाठ्यक्रमवार प्रवेश परीक्षा शुरू कराने की तैयारी है। जल्द ही प्रवेश परीक्षाओं की तारीखें घोषित कर दी जाएंगी।