इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक महाविद्यालयों में परास्नातक प्रवेश परीक्षा (पीजीएटी) के लिए के लिए आवेदन की अंतिम तिथि पांच जून से बढ़ाकर 12 जून कर दी गई है। इसकी वजह से आवेदन प्रक्रिया में बाद में शामिल किए गए उन दो नए विषयों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है, जिन्हें आवेदन के लिए महज छह दिन का समय मिला था।
इविवि एवं संघटक महाविद्यालयों में पीजी के 60 विषयों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन एवं आवेदन की प्रक्रिया 16 मई से शुरू की गई थी। 30 मई को विश्वविद्यालय प्रशासन ने शुद्धि पत्र जारी करते हुए दो नए विषयों के लिए भी आवेदन मांग लिए। इन दो विषयों में केपी ट्रेनिंग कॉलेज में कॉमर्स में बीएड और गांधी विचार एवं शांति अध्ययन केंद्र में गांधी विचार एवं शांति अध्ययन विषय पर पीजी का पाठ्यक्रम शामिल है।
आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दिए जाने ने इन दोनों विषयों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए पर्याप्त समय मिल गया है। पीजी प्रवेश परीक्षा के लिए बुधवार शाम तक 49540 अभ्यर्थी ऑनलाइन रजिस्ट्रशेन कर चुके हैं और इनमें से 28584 अभ्यर्थियों ने शुल्क जमा करते हुए आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। पिछले साल के मुकाबले अब तक हुए रजिस्ट्रेशन और आवेदनों की संख्या अधिक है।
इविवि प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. जेके पति के अनुसार रजिस्ट्रेशन एवं आवेदन करने और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 12 जून तक बढ़ाई गई है। अभ्यर्थी https://aupravesh2024.cbtexam.in पर या इलाहाबाद विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.allduniv.ac.in पर उपलब्ध लिंक ‘पीजी एडमिशन 2024’ पर जाकर अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।