एसएसएल के अधीक्षक को धमकी देने वाले छात्र पर आरोप तय
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के एसएसएल छात्रावास के अधीक्षक डॉ. पवन कुमार शर्मा के साथ मारपीट करने और उन्हें जान से मारने की धमकी देने के आरोपी छात्र वैभव कुमार को तत्काल हॉस्टल छोड़ने के लिए कहा गया है। साथ ही अभिभावकों के साथ मंगलवार को हुई वार्ता के बाद छात्र से आरोपों के परिप्रेक्ष्य में हलफनामा मांगा है।
अधीक्षक ने 10 अक्तूबर को शिकायत की थी कि आरोपी छात्र ने भूगोल विभाग में आकर उनके साथ बदसलूकी की। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने चीफ प्रॉक्टर के साथ थाने में भी तहरीर दी। इनके अलावा आरोपी छात्र ने भी अधीक्षक के खिलाफ उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। बड़ी संख्या में लोगों के साथ पहुंचे आरोपी छात्र वैभव ने चीफ प्राॅक्टर का घेराव भी किया था।
इस पूरे मामले में चीफ प्रॉक्टर की ओर से गठित जांच समिति ने प्रारंभिक रिपोर्ट दे दी है। इसी क्रम में छात्र पर आरोप तय किए गए हैं। इसके अनुसार आरोपी छात्र छात्रावास का अंत:वासी नहीं है। इसलिए तत्काल छात्रावास खाली करने और अधीक्षक से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए कहा गया है। वैभव पर छात्रावास में हुई रैगिंग में शामिल होने, हॉस्टल का गेट तोड़ने, अराजकता फैलाने वाली कई अन्य घटनाओं में शामिल होने के भी आरोप हैं।
आरोपी छात्र के पिता ने मंगलवार को चीफ प्रॉक्टर से मुलाकात की और उनके सामने पूरी रिपोर्ट रखी गई। चीफ प्रॉक्टर प्रो. राकेश सिंह का कहना है कि छात्र को 30 अक्तूबर तक सभी बिंदुओं पर अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया है। इस बाबत हलफनामा भी मांगा गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी छात्र के पिता से हुई वार्ता के क्रम में जांच समिति की अंतिम रिपोर्ट आने तक किसी प्रकार की अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी।
केपीयूपी छात्रावास में मारपीट
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के केपीयूसी छात्रावास के छात्रों के बीच सोमवार की रात मारपीट हो गई। इसमें कई छात्रों को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों तरफ से कर्नलगंज थाने में तहरीर दी गई है। छात्रों के एक गुट का आरोप है कि मारपीट करने वाले छात्रावास के नियमित अंत:वासी नहीं हैं। वहीं चीफ प्रॉक्टर प्रो. राकेश सिंह का कहना है कि छात्रावास में मारपीट होने की जानकारी मिली है लेकिन किसी ने शिकायत नहीं की है। स्वत: संज्ञान लेते हुए छात्रावास में छापे मारे जाएंगे।