प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के उपाध्यक्ष पर कार्रवाई के खिलाफ छात्रसंघ भवन के बाहर छात्रों का धरना प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। मंगलवार को पांच सूत्रीय मांगों के समर्थन में छात्रों ने हस्ताक्षर अभियान चलाया। इस अभियान में छात्र-छात्राओं ने आगे बढ़कर छात्रसंघ उपाध्यक्ष अखिलेश यादव को समर्थन दिया। उनका कहना था कि हम लगातार समस्याओं का सामना कर रहे हैं, छात्रसंघ हमारी समस्याओं को लेकर विवि से लगातार संघर्ष करता रहा है, छात्रसंघ नहीं होने की दशा में हमारी बात कौन उठाएगा।
छात्रसंघ उपाध्यक्ष को समर्थन देने वालों में छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष दिनेश सिंह यादव, पूर्व महामंत्री संदीप यादव, पूर्व उपाध्यक्ष अदील हमजा, सत्येंद्र सिंह, संदीप वर्मा, डॉ. विवेक यादव सहित कई छात्रों ने अपना समर्थन दिया। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष दिनेश सिंह यादव व महामंत्री संदीप यादव ने धरने व पांच सूत्रीय मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि विवि की रैंकिंग लगातार गिरती जा रही है और अब देश के शीर्ष 200 विश्वविद्यालयों में भी इविवि जगह नहीं बना पा रहा है। कहा कि विवि व्यवस्था, गुणवत्ता सुधारने की बजाय छात्र नेताओं के निलंबन निष्कासन ब्लैक लिस्टेड पर ही कार्रवाई कर अपनी जिम्मेदारी से बच रहा है। पूर्व उपाध्यक्ष आदिल हमजा ने कहा कि विवि प्रशासन हर साल जो नेता आवाज उठाता है, उसके खिलाफ कार्रवाई करके उसका भविष्य खराब करता है। समर्थन देने वालों में एनएसयूआई के प्रदेश सचिव निशांत रस्तोगी व जितेश मिश्रा ने कहा कि इस लड़ाई को लगातार विश्वविद्यालय प्रशासन से लड़ने का कार्य करती आई है बहुत जल्द ही एनएसयूआई की प्रदेश कार्यकारिणी व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नीरज कुंदन जी भी इलाहाबाद में समर्थन देने आने वाले हैं।