बैंक में अगर कोई काम है तो मंगलवार को ही निपटा लें। बुधवार को बैंक कर्मी हड़ताल पर रहेंगे। वहीं, रोडवेज बसों के चक्के भी जाम रहेंगे। दो सितंबर को श्रमिक संगठनों की ओर से प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल में बैंक और रोजवेड कर्मी भी शामिल होंगे। इसके अलावा केंद्र और राज्य के ज्यादातर विभाग भी इस हड़ताल में शामिल होंगे। हड़ताल को सफल बनाने के लिए विभिन्न संगठनों की ओर रैली और बैठकों के आयोजन का दौर सोमवार को भी जारी रहा।
यूपी बैंक इम्पलाइज यूनियन की सोमवार को यूनियन भवन में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि हड़ताल की पूर्व संध्या (मंगलवार) पर इंडियन बैंक सिविल लाइंस के समक्ष प्रदर्शन होगा और दो सितंबर को दिन में 12.30 बजे यूनियन के बैनर तले संगम प्लेस स्थित पंजाब नेशनल बैंक में सभा एवं प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में मंत्री शशिकांत श्रीवास्तव, शिवमूर्ति तिवारी आदि उपस्थित रहे। उधर, रोडवेज कर्मचारी संघर्ष मोर्चा की रोडवेज क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में हुई बैठक के दौरान तय हुआ कि रोडवेज कर्मी एक सितंबर को रात 12 बजे से दो सितंबर की मध्य रात्रि तक कलम बंद, काम बंद एवं चक्काजाम आंदोलन करेंगे। बैठक में टीआर सिंह, रमाकांत त्रिपाठी, आनंद प्रकाश त्रिपाठी, मो. अली आदि मौजूद रहे। दूसरी ओर श्रमिक संगठन केंद्र/राज्य महासंघ स्वतंत्र संगठन आयोजन समिति की ओर से सोमवार को लीडर रोड पर रैली निकाली गई और नुक्कड़ सभा की गई।
इसमें अनु सिंह, अविनाश मिश्र, नजीम अंसारी, अवधेश यादव आदि शामिल रहे। प्रस्तावित हड़ताल को लेकर विभिन्न विभागों की केंद्रीय समिति की ओर से सोमवार के जनजागरण अभियान चलाया गया और कर्मचारियों से दो सितंबर को विकास भवन में सुबह 11 बजे आयोजित केंद्रीय सभा में पहुंचने की अपील की गई। जनजागरण अभियान में नरसिंह, विद्याशंकर बाजपेयी, विनोद श्रीवास्तव, घनश्याम यादव, रामचंद्र यादव, कमल श्रीवास्तव आदि शामिल रहे। अखिल भारतीय डाक कर्मचारी संघ वर्ग ‘स’ के मंडल सचिव शंखधर सिंह, धर्मराज सिंह ने भी कर्मचारियों से हड़ताल को सफल बनाने की अपील की है। वहीं, हिंद मजदूर सभा के बैनर तले दैनिक वेतन विद्युत कर्मचारी संघ, किला ओडी फोर्ट कर्मचारी यूनियन, आशा बहू कार्यकत्रियों और भवन सन्निर्माण के कार्यकर्ताओं ने बैठक कर तय किया किया कि दो सितंबर को दोपहर 12 बजे मेडिकल कॉलेज चौराहे से जुलूस निकालेेंगे और चंद्रशेखर आजाद पार्क के गेट पर सभा करेंगे।