मेरठ सिटी/सहारनपुर से इलाहाबाद आने वाली नौचंदी एक्सप्रेस का इंजन रविवार को परियावां स्टेशन के निकट फेल हो गया। इस वजह से ट्रेन तकरीबन दो घंटे तक बीच रास्ते खड़ी रही। ट्रेन के बीच रास्ते खड़े हो जाने की वजह से इलाहाबाद-ऊंचाहार मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही ठप हो गई। बाद में नौचंदी में एक दूसरा इंजन मंगाकर लगाया गया। इसके बाद ट्रेन अपराह्न तीन बजे इलाहाबाद पहुंच सकी। विलंब से आने के चलते शाम को मेरठ जाने वाली नौचंदी समय से रवाना नहीं हुई। उसे जंक्शन पर ही पुटबैक कर दिया गया।
नौचंदी एक्सप्रेस सुबह 9.25 बजे ऊंचाहार से इलाहाबाद के लिए चली। सुबह 9.46 बजे के आसपास नौचंदी एक्सप्रेस परियावां के निकट कोराली गांव में आकर अचानक रुक गई। यात्रियों को लगा कि किसी ने चेनपुलिंग कर ट्रेन को रोक लिया है। बाद में मालूम पड़ा कि उसके इंजन में खराबी आ गई है। काफी प्रयास के बाद भी चालक इंजन ठीक नहीं कर सका। उसने इसकी सूचना कंट्रोल को दी।
इस बीच लखनऊ-इलाहाबाद इंटरसिटी और चंडीगढ़-इलाहाबाद ऊंचाहार एक्सप्रेस को रोक लिया गया। बाद में ऊंचाहार स्थित एनटीपीसी से एक इंजन मंगाया गया और नौचंदी को अरखा स्टेशन ले जाया गया। इसके बाद दूसरी ट्रेनों को निकाला गया। तकरीबन दो घंटे तक नौचंदी वहीं खड़ी रही। बाद में ट्रेन 12 बजे के बाद इलाहाबाद के लिए चलाई गई, जो दोपहर 2.55 बजे इलाहाबाद पहुंची। विलंब से आने की वजह से शाम को इलाहाबाद से मेरठ जाने वाली नौंचदी एक्सप्रेस पुटबैक कर दी गई और इसे शाम 5.40 बजे की बजाय शाम 7.35 बजे रवाना किया गया। इस दौरान ऊंचाहार एक्सप्रेस भी 2.20 घंटे की देरी से दिन में 1.40 बजे इलाहाबाद पहुंची।