बीटीसी प्रशिक्षुओं के लिए 15 हजार शिक्षकों की भर्ती शासन की बंदरबांट की भेंट चढ़ गई है। दिसंबर 2014 में घोषित 15 हजार शिक्षकों के पद पर बीटीसी 2011 के प्रशिक्षुओं को नियुक्ति देने की योजना थी। आवेदन प्रक्रिया के दौरान ही बीटीसी-2012 का रिजल्ट घोषित हो जाने के बाद सरकार ने उन्हें भी आवेदन का मौका दे दिया।
दिसंबर 2015 में सरकार ने एक बार फिर से सभी बीटीसी पास अभ्यर्थियों से आवेदन मांगा। हाईकोर्ट ने 15 हजार शिक्षक भर्ती के लिए अंतिम बार आवेदन मांगने की प्रक्रिया पर रोक दी। इसके बाद सचिव बेसिक शिक्षा परिषद ने पूरी भर्ती प्रक्रिया को ही रोक दिया। अब बीटीसी प्रशिक्षुओं को सरकार के नए फैसले का इंतजार है। भर्ती ठप होने को लेकर बीटीसी 2011 प्रशिक्षुओं ने सरकार पर आरोप लगाया है कि बार-बार नियमों में संशोधन करके उनके साथ अन्याय किया गया है।