माघ मेले का सबसे बड़ा स्नान पर्व मौनी अमावस्या रेलवे के साथ रोडवेज के लिए भी किसी बड़ी परीक्षा से कम नहीं है। यूपी रोडवेज ने इलाहाबाद समेत प्रदेश के आठ रीजन की बसें इस स्नान पर्व पर चलाने की तैयारी की है। रोडवेज का दावा है कि अमावस्या और उसके आसपास की तिथियों में 2100 बसें चलाई जाएंगी।
मौनी अमावस्या का स्नान पर्व इस बार सोमवार आठ फरवरी को है। जिला प्रशासन ने इस स्नान पर्व पर लाखों श्रृद्धालुओं के यहां आने का अनुमान लगाया है। सो तैयारी भी उसी स्तर पर करने का निर्देश जिला प्रशासन ने रोडवेज को दिया है। रोडवेज ने भी अपनी तैयारियों को अब तकरीबन अंतिम रूप दे दिया है। मेले के मद्देनजर रोडवेज के इलाहाबाद परिक्षेत्र ने जिले में पांच चेक पोस्ट भी बनाए हैं।
इलाहाबाद-वाराणसी मार्ग पर हनुमानगंज, गोरखपुर मार्ग स्थित रहीमाबाद, लखनऊ रोड पर मलाक हरहर, कानपुर रोड पर पुरामुफ्ती और झांसी रोड पर घूरपुर में रोडवेज ने चेक पोस्ट बनाए गए हैं। इसके अलावा मेले में आने वाले श्रृद्धालुओं की सुविधा के लिए देवीपाटन, गोरखपुर, वाराणसी समेत कुल आठ रीजन की 2100 बसें लगाई जाएंगी। रोडवेज इलाहाबाद परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक डॉ. हरिशचंद्र यादव ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मेले के एक दिन पहले एवं एक दिन बाद तक इन बसों का संचालन विभिन्न स्थानों के लिए होगा। इसके पूर्व क्षेत्रीय प्रबंधक ने रोडवेज के अन्य अफसरों के साथ आज सभी पांचों चेक पोस्ट का भी निरीक्षण किया।