इलाहाबाद। सिविल लाइंस में संगम प्लेस स्थित पंजाब नेशनल बैंक से बुधवार दोपहर एक शातिर ने फौजी को एक लाख का चूना लगा दिया। कोट पहने टप्पेबाज ने मशीन खराब देख परेशान फौजी को बैंक काउंटर पर तुरंत रकम जमा कराने का झांसा देकर रुपये ले लिए। उसनेे फौजी को पैन कार्ड की फोटो कॉपी कराने के बैैंक शाखा के बाहर भेज दिया। फोटो कॉपी कराकर वह बैंक पहुंचा तो कोट वाला शख्स गायब था। तब फौजी को ठगी का एहसास हुआ। सूचना पर सिविल लाइंस पुलिस पहुंची। पुलिस बैंक से सीसीटीवी फुटेज को लेकर जांच शुरू की लेकिन फुटेज से युवक चेहरा स्पष्ट नहीं नजर आ रहा है।
आगरा के रहने वाले महेश कुमार चौहान फौज में है। उनकी तैनाती इन दिनों न्यू कैंट में है। उनके एक साथी विनीत ने महेश को एक लाख रुपये बुधवार को दिए। विनीत ने कहा कि वह रकम को बैंक में उसके घरवालों के खाते में जमा कर दें। महेश रकम लेकर सिविल लाइंस में संगम प्लेस स्थित पंजाब नेशनल बैंक पहुंचे। बैंक शाखा में रुपये जमा करने वाली मशीन खराब थी। वह रकम जमा करने वाली पर्ची भरकर लाइन में लग गए। तभी लगभग तीस साल का एक युवक कोट-पैंट पहने पहने हुए महेश के करीब आया।
फौजी को बताया कि वह बैंक के कैश काउंटर पर सीधे रकम जमा करवा सकता है। उसकी वेशभूषा देखकर महेश ने उस पर यकीन कर लिया। रकम लेने के बाद युवक ने महेश को पैन कार्ड की फोटो कराने के लिए बाहर भेज दिया। उनके बाहर निकलते ही वह रकम लेकर बैंक से गायब हो गया। महेश दो मिनट बाद वापस लौटे युवक को बैंक के अंदर न पाकर परेशान हो गए। जब वह नजर नहीं आया तो आसपास के लोगों से पूछताछ की। तब महेश को अपने ठगे जाने का पता चला। सूचना सिविल लाइंस पुलिस पहुंची। पुलिस मुकदमा लिखकर जांच कर रही है।
सिविल लाइंस में टप्पेबाजी की यह पहली घटना नहीं है। आए दिन शहर में ऐसी घटना सामने आती है। बैंक से ही लगे शातिर रास्ते में छिनैती या डिक्की तोड़कर रकम उड़ा देते हैं। बैंक के अंदर टप्पेबाजी की यह पहली घटना नहीं है। इससे साफ है कि शातिरों को पुलिस का खौफ नहीं है।
जिस ढंग से शातिर टप्पेबाज ने वारदात को अंजाम दिया है। उससे जाहिर है कि वह गैर जनपद का रहने वाला है। चूंकि बैंक के अंदर सीसीटीवी कैमरा लगा रहता है। ऐसे में आसपास के किसी शख्स का इस तरह घटना को अंजाम देना मुमकिन नहीं है।