माघ मेले के सबसे बड़े स्नान पर्व मौनी अमावस्या के दिन और उसके आसपास की तिथियों में रेलवे ने कई ट्रेनों के अतिरिक्त ठहराव की तैयारी की है। रेलवे ने दारागंज, झूंसी समेत आसपास के कई स्टेशनों पर मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की घोषणा की है। इसके अलावा वाराणसी रूट पर स्पेशल ट्रेन चलाने की भी तैयारी की है। प्रयाग से फैजाबाद रूट पर भी रेलवे ने स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है।
मौनी अमावस्या का स्नान पर्व आठ फरवरी को है। जिला प्रशासन ने इस स्नान पर्व पर 80 लाख श्रृद्धालुओं के स्नान करने का अनुमान लगाया है। मौनी अमावस्या पर काफी संख्या में श्रृद्धालु देश के विभिन्न प्रांतों से पहुंचते हैं। इसमें से अधिकांश ट्रेन से ही इलाहाबाद आते हैं। इन श्रृद्धालुओं की सहूलियत के लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों को चलाने के साथ ही कई मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव आसपास के स्टेशनों पर भी करने का निर्णय लिया है। ऐसा इसलिए क्योंकि इलाहाबाद जंक्शन पर ही श्रृद्धालुओं की भीड़ एकत्र न हो।
आठ फरवरी को गाड़ी संख्या 19063 दानापुर एक्सप्रेस, 15118 जबलपुर-मंडुवाडीह, 15560 जनसाधारण एक्सप्रेस का ठहराव रेलवे ने इलाहाबाद सिटी (रामबाग), दारागंज एवं झूंसी में करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा गाड़ी संख्या 19064 दानापुर-उधना एक्सप्रेस भी आठ फरवरी को इलाहाबाद सिटी से मंडुवाडीह के बीच पड़ने वाले सभी स्टेशनों पर रुकेगी। गाड़ी संख्या 12791 सिकंदराबाद-दानापुर, 12334 इलाहाबाद सिटी-हावड़ा विभूति एक्सप्रेस का ठहराव उक्त तिथि में इलाहाबाद सिटी एवं माधोसिंह के बीच पड़ने वाले सभी स्टेशनों एवं गाड़ी संख्या 11062 पवन एक्सप्रेस, 12561 स्वतंत्रता सेनानी, 19421 अहमदाबाद-पटना का ठहराव भी माधोसिंह से इलाहाबाद सिटी के बीच पड़ने वाले सभी स्टेशनों पर आठ फरवरी को होगा।
इसके अलावा चौरीचौरा एक्सप्रेस में दो जनरल कोच और इलाहाबाद सिटी-मंडुवाडीह पैसेंजर में भी तीन अतिरिक्त जनरल कोच जोड़े जाने का फरमान रेलवे ने जारी किया है। अमावस्या के मौके पर इलाहाबाद सिटी से मंडुवाडीह के बीच रेलवे ने पांच फरवरी से आठ फरवरी तक तीन स्पेशल ट्रेन चलाने का भी निर्णय लिया है।