साथियों के साथ गंगा स्नान करने निकले बैंक कैशियर गौरव श्रीवास्तव (28) फाफामऊ पुल के नीचे गंगा में डूब गए। रविवार दोपहर महावीरपुरी घाट पर हुई घटना के बाद खलबली मच गई। शिवकुटी पुलिस ने गोताखोरों और जाल डाल कर कैशियर को तलाशा लेकिन शाम तक खोजबीन के बाद भी सफलता नहीं मिली। बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की सिकंदरा शाखा में कैशियर गौरव श्रीवास्तव तेलियरगंज इलाके में किराए पर रहते थे। रविवार सुबह हथिगहा शाखा के कैशियर अनुज और सिसई सिपाह के अभिषेक खरे दोस्त गौरव के कमरे में पहुंचे। तीनों दोस्त दोपहर में गंगा स्नान करने के लिए फाफामऊ पुल के नीचे महावीर पुरी घाट पर पहुंचे। गंगा जल में उतरे अभिषेक और अनुज किनारे नहा रहे थे लेकिन गौरव पानी की धारा के साथ तैरने का प्रयास कर रहा था। इसी बीच वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। अभिषेक और अनुज ने साथी को डूबते देखा तो शोर मचाया।
देखते ही देखते गौरव का हाथ पैर भी दिखना बंद हो गया। गौरव के डूबने से घाट पर खलबली मच गई। सूचना पर शिवकुटी पुलिस मौके पर पहुंची। घाट पर मौजूद मल्लाहों और गोताखोरों को खोजबीन के लिए पानी में उतारा गया। बाद में जाल डालकर भी घंटों तलाश हुई। शाम तक सफलता नहीं मिली। वहीं गौरव के गंगा में डूबने की खबर दोस्त अभिषेक और अनुज ने घरवालों को दी तो कोहराम मच गया। साथी के गंगा डूबने से अभिषेक और अनुज का रो रोकर बुरा हाल था। झांसी के रहने वाले अभिषेक और अनुज ने बताया कि अप्रैल 2014 में नौकरी लगने के बाद तीनों दोस्तों की यह पहली पोस्टिंग थी। एक ही रूट पर बैंक होने के चलते अभिषेक और गौरव में दोस्ती हुई। फिर अनुज भी उनका दोस्त हो गया था। गौरव दो भाइयों में छोटा था। खबर मिलने के बाद गौरव के परिवारीजन भी आ रहे हैं।