उधार के पैसों के चक्कर में दो दोस्तों के बीच ऐसी खटास आई कि बात मरने-मारने तक जा पहुंची। सोमवार शाम शहर के करेली इलाके से दोनों दोस्त यमुनापार के गौहनिया इलाके को रवाना हुए जहां उधार पैसे लाने वाले युवक ने बाइक चला अपने दोस्त पर चाकू से हमला कर दिया। बाइक गिरने पर वह भागा तो लोगों ने पकड़ लिया जबकि उसका दोस्त बाइक पर शहर की तरफ भाग आया।
करेली इलाके में गंगागंज मुहल्ले में रहने वाले कृष्णानंद कुशवाहा का पुत्र अनुज कुशवाहा (25) गहनों का कारीगर है। उसने कुछ समय पहले अपने ही इलाके में रहने वाले राहुल हेला से 20 हजार रुपये उधार लिए थे। राहुल नगर निगम के सफाई कार्य में ठेकेदारी करता है। अब वह अनुज से ब्याज सहित 42 हजार रुपये की मांग कर रहा है। ऐसे में अनुज बौखलाया हुआ था। सोमवार को वह राहुल को बहाने से बाइक पर गौहनिया की ओर ले गया।
बाइक गौहनिया के पास थी तभी पीछे बैठे अनुज ने बाइक चला रहे राहुल पर चाकू से हमला कर दिया। राहुल बाइक समेत पलट गया। उसने जाने से मारने पर उतारू अनुज के हाथ से चाकू भी छीन लिया। इस पर अनुज भागा तो लोगों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। उसने लोगों को पैसे की वजह से दुश्मनी की बात बताई। उधर, राहुल ने भीड़ देखी तो बाइक पर तेज रफ्तार में शहर की तरफ भाग निकला।