जिस बात की आशंका लगाई जा रही थी रविवार को तकरीबन वैसा ही हुआ। शहर में आयोजित कई भर्ती परीक्षाएं होने से शाम को इलाहाबाद जंक्शन पर एकाएक भीड़ का काफी रेला पहुंच गया। इस दौरान इलाहाबाद से विभिन्न रूटों की तरफ जाने वाली तमाम ट्रेनें यात्रियों के साथ परीक्षार्थियों से पैक हो गई। हालांकि भीड़ की आशंका के चलते रेल प्रशासन ने रविवार को चार स्पेशल ट्रेन चलाने का इंतजाम किया, लेकिन स्पेशल ट्रेन चलाने की नौबत ही नहीं आई।
शहर में आज विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) दिसंबर-2015, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ) की मुख्य परीक्षा-2015 और रेल भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की ओर से विभिन्न पदों की भर्ती परीक्षा हुई। इन परीक्षाओं में हजारों की संख्या में परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा में शामिल होने के लिए आए बहुत से परीक्षार्थी बाहरी जिलों के रहे।
परीक्षा समाप्त होने के बाद परीक्षार्थियों का हुजूम स्टेशन की तरफ कूच कर गया। हालांकि रेल प्रशासन के लिए राहत वाली बात यह रही कि पिछले रविवार के मुकाबले इस बार भीड़ कुछ कम रही। फिर भी रेलवे ने आज चार स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था कर ली थी। ताकि भीड़ बढ़ने पर स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाए, लेकिन इसकी नौबत नहीं आई। उधर परीक्षार्थी आज एक बार फिर से तमाम ट्रेनों की आरक्षित बोगियों में घुस गए। इस वजह से आम मुसाफिरों को दिक्कत हुई।