शिवकुटी में अपट्रान चौराहे से कोटेश्वर महादेव जा रही कलश यात्रा में डीजे ले जाने को लेकर रविवार सुबह हंगामा हुआ। कलश यात्रा जैसे ही अपट्रान चौराहे से डीजे के साथ आगे बढ़ी। चौराहे पर तैनात सिपाहियों ने रोक लिया। श्रद्धालुओं और सिपाहियों के बीच तीखी झड़प होने लगी तो भीड़ जुट गई। भीड़ में शामिल लोगों ने चीता मोबाइल के सिपाहियों के साथ धक्कामुक्की की और बाइक से खींच लिया। सिपाही ने किसी तरह खुद को बचा वायरलेस पर कंट्रोल को सूचना दी। एसओ शिवकुटी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में कलश यात्रा बिना डीजे के आगे रवाना हुई।
शिवकुटी मोहल्ले में सावन माह में अपट्रान चौराहे से कोटेश्वर महादेव तक कलश यात्रा निकलनी थी। कलश यात्रा में एक डीजे भी शामिल था। जैसे ही डीजे बजते हुए आगे बढ़ा। चौराहे पर तैनात चीता सिपाहियों ने डीजे रोक लिया। डीजे के बारे में पूछताछ की बिना परमीशन डीजे ले जाने पर आपत्ति जाहिर की। इस बात को लेकर सिपाहियों और श्रद्धालुओं में कहासुनी होने लगी। नाराज लोगों ने सिपाहियों को बाइक से खींच धक्कामुक्की की। हंगामे और सिपाहियों के फंसने की सूचना पर एसओ शिवकुटी प्रदीप कुमार राय मौके पर पहुंचे। एसओ ने बताया कि डीजे पर प्रतिबंध है। इसके बाद श्रद्धालु मान गए। इसके बाद बिना डीजे के कलश यात्रा रवाना हुई। एसओ शिवकुटी प्रदीप कुमार राय ने बताया कि डीजे की परमीशन नहीं दी गई थी। बाहर से डीजे बुलाकर यात्रा में शामिल किया गया था। सिपाहियों ने मना किया तो उनसे श्रद्धालु उलझ गए थे लेकिन समझाने के बाद श्रद्धालु मान गए। बिना डीजे के कलश यात्रा आगे रवाना हुई।