रेलवे स्टेशन पर गंदगी फैलाने वालों पर अब ‘तीसरी आंख’ से भी नजर रखी जाएगी। उत्तर मध्य रेलवे के इलाहाबाद, कानपुर, आगरा, ग्वालियर, मथुरा, झांसी, अलीगढ़, टूंडला, इटावा, धौलपुर आदि रेलवे स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरे से गंदगी फैलाने वाले लोगों की धरपकड़ की जाएगी। इस दौरान गंदगी फैलाने वाले लोगों से न्यूनतम 500 रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। एनसीआर जीएम अरुण सक्सेना ने जोन के तीनों मंडल रेल प्रबंधकों को निर्देश दिया है कि से अपने मंडल के सभी स्टेशनों की साफ सफाई व्यवस्था बेहतर रखें।
प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर पिछले साल दो अक्तूबर से स्वच्छता अभियान शुरू किया गया तो रेलवे में भी इसका कड़ाई से पालन हुआ। पिछले साल जोनल अफसरों ने भी अपने हाथों में झाड़ू थाम ली। तमाम स्टेशनों पर सफाई अभियान भी चला, लेकिन कुछ दिन चलने के बाद स्थिति एक बार फिर से जस की तस हो गई। हालांकि इस बीच चेयरमैन रेलवे बोर्ड और रेल राज्य मंत्री के आगमन के मद्देनजर इलाहाबाद जंक्शन को चमकाने का भी काम किया गया। फिर भी बहुत से ऐसे यात्री हैं जो स्टेशन पर जाने अनजाने में गंदगी फैला देते हैं। ऐसे यात्रियों पर नजर रखने के लिए रेलवे अब अपने सीसीटीवी कैमरों से भी मदद लेगा। जोन के सभी छह ए वन ग्रेड के स्टेशनों पर सीसीटीवी लगी हुई है। इसी तरह ए ग्रेड के भी ज्यादातर स्टेशनों में भी सीसीटीवी कैमरे सुरक्षा के मद्देनजर लगाएं गए हैं। इन कैमरों की जद में स्टेशन के तमाम एरिया कवर्ड रहता है। इसीलिए रेलवे इन कैमरों की मदद से गंदगी फैलाने वाले लोगों पर भी रखी जाएगी। अगर कोई यात्री गंदगी फैलाते पकड़ा गया तो उससे मौके पर ही जुर्माना वसूल लिया जाएगा।