कर्नलगंज इलाके में कटरा स्थित महिला प्रशिक्षण केंद्र से अपने कमरे की ओर लौट रही प्रतियोगी छात्रा को सड़क से अपहरण कर फाफामऊ में बंधक बनाकर बलात्कार किया गया। छात्रा का आरोप है कि उसने कंट्रोल रूम में सूचना दी तो पुलिस ने आकर आरोपी को पकड़ा मगर तीन दिन तक हिरासत में रखने के बाद छोड़ दिया। एसएसपी के आदेश पर कर्नलगंज थाने में आरोपी युवक के खिलाफ केस लिखा गया।
गंगापार में थरवई इलाके की 23 वर्षीय छात्रा शहर के कर्नलगंज में किराए पर कमरा लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। उसने कटरा स्थित महिला प्रशिक्षण केंद्र के फूड प्रोडक्शन कोर्स में दाखिला कराया है। छात्रा का आरोप है कि दो दिसंबर की शाम छह बजे वह प्रशिक्षण केंद्र से पैदल कमरे की ओर लौट रही थी तभी बैंक रोड पर उसके ही गांव के करमवीर ने रोक लिया। वह उसे जबरन फाफामऊ इलाके में एक कमरे में ले गया। वहां पहले तो उसने बदसलूकी की। विरोध पर उसे तमंचा सटाकर गोली मारने की धमकी दी।
छात्रा का आरोप है कि युवक ने धमकाकर उसके साथ बलात्कार किया। उसके चंगुल से छूटने पर छात्रा ने फोन से कंट्रोल रूम को सूचना दी तो पुलिस पहुंची और आरोपी युवक को पकड़ लिया। मगर उसे तीन दिन तक फाफामऊ चौकी में रखने के बाद पुलिस ने छोड़ दिया। पुलिस ने रिपोर्ट भी नहीं लिखी। फिर उसे आरोपी की तरफ से धमकी दी जाने लगी। छात्रा की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के आदेश पर कर्नलगंज थाने में बलात्कार का नामजद मुकदमा लिखा गया।