शहर के कालिंदीपुरम कॉलोनी में सोमवार को अपराधी जुल्फिकार उर्फ तोता ने सड़क पर खड़े प्रापर्टी डीलर लुकमान को राइफल समेत गाड़ी में खींचकर धुन डाला। उसे जमकर पीटने के बाद करीब एक किलोमीटर दूर सड़क पर राइफल समेत धकेल दिया। इस बीच हल्ला मच गया कि युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस सूचना पर कई थानों की पुलिस उधर भागी तो प्रापर्टी डीलर घायल पड़ा मिला। उसे अस्पताल में भर्ती कराकर धूमनगंज थाने में लुकमान और उसके गुगों के खिलाफ हत्या की कोशिश का केस लिखाया गया। पुलिस किसी को भी नहीं पकड़ सकी है। तोता को पूर्व सांसद अतीक अहमद का आदमी माना जाता है। कुछ महीने पहले भी वह बेनीगंज में गोलीबारी की वारदात में जेल गया था।
कसारी-मसारी गांव में रहने वाले आबकारी विभाग के सिपाही वसी अहमद का पुत्र लुकमान (32) जमीन के धंधे से जुड़ा है। वह सोमवार शाम करीब चार बजे कालिंदीपुरम कॉलोनी में शादाब चौराहा के पास सड़क किनारे खड़ा था। तभी जुल्फिकार उर्फ तोता फॉरच्यूनर में अपने साथियो संग वहां पहुंचा। उसने गाड़ी रोकी तो खतरा भांपकर लुकमान ने राइफल तान दी। इस पर तोता और उसके साथियों ने लुकमान को दबोचकर गाड़ी में खींच लिया। वे उसे गाड़ी में लेकर भागे तो पुलिस को सूचना दी गई कि अपहरण कर हत्या कर दी गई है। खबर पाकर खुल्दाबाद और धूमनगंज थाने की पुलिस उधर खोजबीन में जुटी तो कुछ देर बाद लुकमान चकिया में पानी टंकी के पास सड़क किनारे घायल मिला। खबर पाकर परिजन भी आ गए।
घायल लुकमान को पहले निजी चिकित्सालय ले जाया गया। फिर एसआरएन अस्पताल में भर्ती किया गया। इंस्पेक्टर धूमनगंज एमएस देव ने बताया कि इस घटना में तोता और उसके पांच साथियों के खिलाफ बलवा, बंधक बनाकर मारपीट, धमकी और हत्या की कोशिश का केस लिखा गया है। आधी रात तोता को नहीं पकड़ा जा सका। चार महीने पहले भी बेनीगंज में जमीन के चक्कर में एक मकान में घुसकर मारपीट और गोली मारने की घटना में तोता के साथ ही पूर्व सांसद अतीक अहमद का लेखा-जोखा देखने वाले सीताराम शुक्ला समेत कई लोगों पर केस दर्ज कराया गया था। तोता ने कोर्ट में सरेंडर किया और जल्द ही जेल से छूट गया। बाकी लोगों को खुल्दाबाद पुलिस ने नहीं पकड़ा और कहा कि वे घटना में शामिल नहीं थे।