मदन मोहल मालवीय स्टेडियम में विजय मर्चेंट बोर्ड ट्राफी अंडर-16 के अंतर्गत राजस्थान और यूपी के बीच खेले जा रहे मैच के पहले दिन राजस्थान की टीम ने मजबूत पकड़ बना ली है। अंशुल गहरवाल के 72 रनों (61 गेंद, 13 चौकों और एक छक्का) की बदौलत टीम ने मैच समाप्त होने तक सात विकेट पर 229 रन बना लिए थे। यूपी की टीम से राइट आर्म मीडियम पेस के गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने बेहतरीन गेंदबाजी की। कार्तिक ने शुरुआत के पांच विकेट चटकाकर यूपी को मैच में बनाए रखा। हालांकि, तीन कैच छोड़ना यूपी को टीम को थोड़ा महंगा पड़ा। सोमवार को टीम राजस्थान 229 रन के आगे खेलेगी।
मैच सुबह 9.30 बजे से शुरू हुआ। टीम राजस्थान ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। उसके ओपनर बल्लेबाजों ने शुरू से ही धैर्य बनाए रखा और विकेट नहीं गिरने दिया। राजस्थान का पहला विकेट दिव्य गजराज (98 गेंद/ 37 रन, चार चौका/ एक छक्का, 137 मिनट) के रूप में गिरा। दिव्यगजराज और एसएस अहमद ने पहले विकेट के लिए 53 रनों की साझेदारी की। दिव्यगजराज के बाद आए अभिमन्यु राठी ज्यादा देर तक टिक नहीं पाए। कार्तिक त्यागी की गेंद पर स्लिप में प्रभुनूर के हाथों लपक लिए गए।
इसके बाद आए अंशुल गहरवाल ने शानदार बल्लेबाजी की। 72 रन बनाकर उन्होंने टीम का स्कोर 153 रनों पर पहुंचा दिया, लेकिन इसके बाद वह गलती कर बैठे और दिव्यांश के हाथों कैच पकड़ा बैठे। चौथे स्थान पर पंकज मील आए, लेकिन वह एक रन ही बना सके। ओपनर बल्लेबाज सोहेल अहमद भी इसके बाद (44 रन/236 गेंद, 310 मिनट) आउट हो गए। उन्होंने टीम के स्कोर को विकास मनेरिया के साथ मिलकर 190 रन तक पहुंचा दिया। वह स्क्वैयर लेग पर क्षेत्ररक्षण कर रहे खिलाड़ी आर्यन जुआल के थ्रो पर रन आउट हुए। विकास मनौरिया ने 85 गेंदों पर 32 रनों का योगदान दिया। वह कार्तिक की गेंद पर कवर पर अभिषेक पांडेय के हाथों कैच पकड़ा बैठे।
इसके बाद आए निखिल शुक्ला भी ज्यादा देर तक टिक नहीं पाए और टीम के 222 रनों के स्कोर पर मोहित जागरा का शिकार बने। मनीष सुथर नौ और आशीष इंदरिया चार रनों पर क्रीज पर हैं। यूपी टीम के मैनेजर संजीव जखमोला ने माना कि अंशुल गहरवाल, एसएस अहमद और मनेरिया का कैच छूटना भी यूपी के लिए गड़बड़ रहा, नहीं तो यूपी की टीम राजस्थान को जल्दी आउट करके बल्लेबाजी करती। टीम राजस्थान को 13 रन अतिरिक्त मिले।