कोतवाली इलाके में शनिवार रात एक होटल में कमरा लेने पहुंचे प्रेमी युगल के बारे में विहिप के लोगों को जानकारी देना मैनेजर को भारी पड़ गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मैनेजर को खिसियाहट में थप्पड़ जड़ दिए फिर धमकाया कि सीधे पुलिस को नहीं बता सकते थे। इस सूचना पर विहिप कार्यकर्ता थाने पहुंचकर हंगामा करने लगे। बाद में पुलिस प्रेमी युगल और होटल मैनेजर को थाने ले गई और युवक-युवती के परिजनों को थाने बुलाया। देर रात तक कोतवाली में मजमा लगा रहा।
क ोतवाली क्षेत्र स्थित एक होटल में शनिवार रात लगभग आठ बजे एक प्रेमी युगल कमरा लेने पहुंचे। मैनेजर सौरभ ने उनकी आईडी मांगी। आईडी में प्रेमी युगल को अलग-अलग समुदाय का देख मैनेजर सौरभ का माथा ठनक गया। उसने विहिप के नेताओं को इसकी जानकारी दे दी। विहिप नेताओं ने इस बारे में कोतवाली में बताया तो थोड़ी ही देर में पुलिस होटल पहुंच गई। विहिप नेताओं को खबर देने से खुन्नस खाई पुलिस ने होटल मैनेजर सौरभ को हड़काते हुए एक थप्पड़ रसीद दिया। फिर पुलिस होटल मैनेजर और प्रेमी युगल को पकड़कर थाने ले गई।
इस सूचना पर विहिप नेता अमित पाठक,आनंद समेत तमाम लोग कोतवाली पहुंचकर हंगामा करने लगे। इंस्पेक्टर कोतवाली कुशलपाल यादव ने बताया कि प्रेमी युगल बालिग हैं। उनके घरवालों को बता दिया गया है। उन्हें उनके घरवालों को सौंप दिया जाएगा। प्रेमी युगल का आरोप था कि होटल मैनेजर ने उनका सामान रख लिखा है। जिसे पुलिस ने दिलवा दिया और होटल मैनेजर को छोड़ दिया। विहिप नेताओं ने पुलिस की इस कार्यशैली पर आक्रोश जताया है। कहा कि इसकी शिकायत अफसरों से की जाएगी।