इलाहाबाद। सिविल लाइंस में सुभाष चौराहे पर मंगलवार दोपहर एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज न किए जाने पर खुद पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आत्मदाह की कोशिश की। उसको आग लगाते देख चौराहे पर जमा भीड़ पकड़ने दौड़ी। इसके चलते चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई और जमकर हंगामा हुआ। बवाल होते देख सिविल लाइंस पुलिस पहुंची। पुलिस महिला को पकड़कर थाने ले गई।
सिविल लाइंस पुलिस को महिला ने बताया कि वह यमुनापार के मेजा इलाके की रहने वाली है। वह 18 नवंबर की रात में घर में सो रही थी। सास-ससुर बाहर सो रहे थे। तभी पड़ोसी सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते आंगन में कूद कर कमरे में पहुंच गए। युवक कमरे में अकेले सो रही महिला से अश्लील हरकत करने लगा। शोर मचाने पर तकिए से मुंह दबा दिया और कपड़े खींचकर उतार दिए।
शोर गुल सुनकर बाहर सो रहे सास-अंदर पहुंचे तो आरोपी युवक धमकी देते हुए भाग निकला। दूसरे दिन महिला के सास-ससुर आरोपी की शिकायत करने उसके घर गए तो उसने जान से मारने की धमकी दी और गाली गलौज की। सिविल लाइंस पुलिस ने पीड़िता को महिला थाने भेज दिया। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस महेश पांडेय ने बताया कि महिला से पूछताछ के बाद मेजा पुलिस को जानकारी दी गई है। तो कहा, इस मामले में जो भी कार्रवाई होगी मेजा पुलिस करेगी। वहीं मेजा इंस्पेक्टर पीएन मिश्रा से इस बारे में पूछा गया तो कहा, महिला न तो थाने आई और न ही चौकी में सूचना दी। महिला थाने पर शिकायत लेकर आती तो कार्रवाई की जाती।