इलाहाबाद। दारागंज इलाके में रहने वाले एक युवक ने अपनी प्रेमिका के चक्कर में ऐसी घटना कर डाली कि पुलिस भी सन्न है। उसने बृहस्पतिवार रात पुलिस को सूचना दी कि उसे गोली मार दी गई है। आरोप लगाया कीडगंज की धरिकार बस्ती में रहने वाले एक कबाड़ी पर। पुलिस ने हत्या की कोशिश का केस लिखकर जांच की तो मामला कुछ और निकला। पता चला कि युवक ने कबाड़ी को फंसाने के लिए खुद को गोली मारी थी। वजह ये कि कबाड़ी के परिवार की महिला से उसका अवैध रिश्ता है। पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है जबकि उसे तमंचा देने वाला पकड़ा गया है।
दारागंज में कच्ची सड़क पर रहने वाला राजेंद्र यादव पान की दुकान चलाता है। बृहस्पतिवार रात करीब पौने ग्यारह बजे उसने थाने जाकर पुलिस को बताया कि उसे गोली मार दी गई है। उसके बाएं हाथ में कलाई के पास गोली लगने का घाव था। राजेंद्र ने कहा कि उसे कीडगंज में मिंटो पार्क के निकट धरिकार बस्ती में रहने वाले बंटा कबाड़ी ने गोली मारी है। आरोप लगाया कि पैसों के लेनदेन की रंजिश में उसे बंटा ने गोली मारी है। पुलिस ने दफा 307 का मुकदमा लिखकर छापा मारा तो बंटा मिल गया।
उसने गोली मारने की बात को झूठा करार दिया। इसी बीच रात में पुलिस ने घायल राजेंद्र के घर के बाहर पुरानी झूंसी के रोहित केवट को तमंचा समेत पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि राजेंद्र ने उससे कट्टा मांगा था। कहा था कि रात में आकर वापस ले जाना। इस खुलासे के बाद पुलिस ने माना है कि राजेंद्र ने खुद गोली मारकर यह कहानी गढ़ी। एसएसपी केएस इमैनुएल के मुताबिक, अब तक की जांच से पुलिस इस नतीजे पर पहुंची है कि प्रेमिका के चक्कर में राजेंद्र ने खुद गोली मारकर दूसरे को फंसाया है।