नैनी (ब्यूरो)। नैनी इलाके के चक रघुनाथ मुहल्ले में बुधवार आधी रात मुर्गा-शराब की दावत उड़ा रहे शराबियों ने ग्यारहवी के छात्र को गोली मार दी। सीने के पास गोली धंसने से घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती किया गया। पता चला है कि छात्र का पालतू कुत्ता शराबियों के पास चला गया था जिसकी वजह से झगड़ा हो गया था। शिकायत पर नैनी थाने की पुलिस ने नामजद मुकदमा लिखकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
चक रघुनाथ मुहल्ले में रहने वाले राकेश प्रताप सिंह का पुत्र अंकुश सिंह (16) बुधवार रात भोजन के बाद अपने पालतू कुत्ते को लेकर घर के बाहर टहलने निकला था। वह कुछ दूर गया तो तीन-चार लोग सड़क किनारे बैठकर मुर्गा-दारू की दावत में जुटे थे। अचानक पालतू कुत्ता अंकुश के पास से भागकर शराबियों के पास पहुंच गया। इस पर शराबियों ने अंकुश को अपशब्द कहे। विरोध पर उसे गोली मार दी। सीने के पास गोली लगने पर अंकुश घायल होकर चीखने लगा तो आसपास के लोग और परिजन पहुंच गए। हमलावर वहां से भाग गए। घायल अंकुश को अस्पताल ले जाया गया। अंकुश के पिता राकेश की तहरीर पर नैनी थाने की पुलिस ने रिपोर्ट लिखकर एक आरोपी शिवकुमार निषाद उर्फ भुक्खल को पकड़ लिया।
प्रधानी चुनाव के दौरान अवैध शराब की बिक्री जोर पकड़ने लगी है। यही वजह है कि आबकारी विभाग की टीम ने भी अवैध शराब के अड्डों पर छापेमारी शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार सुबह आबकारी दस्ते ने थरवई के बहमलपुर में छापा मारा तो वहां कच्ची शराब तैयार करने की भट्ठियां धधक रही थीं। आबकारी दस्ते में शामिल इंस्पेक्टर नीरज कुमार द्विवेदी, कुलदीप सिंह, आरबी सिंह, राममोहन त्रिपाठी, अमित मिश्रा और सिपाहियों ने वहां तीन हजार किलो लहन महुआ और भट्ठियां नष्ट कर दीं। 175 लीटर शराब जब्त कर लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया। डीएम और एसएसपी के आदेश के तहत आबकारी विभाग की टीम ने लगातार छापेमारी अभियान चलाने की बात कही है।