इलाहाबाद। 31वीं इंदिरा मैराथन में तीसरे स्थान पर आने वाले सुनील कुमार की लय अंतिम समय में बिगड़ गई नहीं तो वह प्रतियोगिता के उपविजेता हो सकते थे। सुनील कुमार ने बताया कि वापसी के वक्त वह और रेलवे में नौकरी कर रहे अरविंद कुमार साथ-साथ थे। मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में प्रवेश करते वक्त वह अरविंद से दो मीटर आगे थे। जैसे ही स्टेडियम के मैदान में अंदर प्रवेश करने वाले प्रवेश द्वार पर पहुंचे वहां पर किसी ने उनको पानी देने की कोशिश की। इसमें उनको मना करने के लिए घूमना पड़ गया।
इतने में अरविंद कुमार आगे निकल गए और उन्होंने सुनील कुमार से तीन-चार मीटर की दूरी बना ली। इस दूरी को वह पाट नहीं पाए और प्रतियोगिता में तीसरे स्थान पर चले गए। अरविंद कुमार ने अपनी रेस दो घंटा 25 मिनट और 17 सेकेंड में पूरी की जबकि सुनील कुमार का समय दो घंटा 25 मिनट और 35 सेकेंड का रहा। दोनों की रेस पूरी होने में मात्र 18 सेकेंड का अंतर रहा।
इंदिरा मैराथन में महिला वर्ग में एक बार फिर संगम नगरी की धाविकाओं ने अपना दबदबा कायम रखा। हालांकि शीर्ष तीन में उनका नाम शामिल नहीं है लेकिन चौथे स्थान से लेकर 12वें स्थान तक और 14वें स्थान पर आकर संगम नगरी का मान बनाए रखा। वहीं, पुरुष वर्ग में भी इस बार इलाहाबादी धावकों ने कमाल किया। शीर्ष-14 स्थान पाने वालों में इलाहाबाद के तीन धावकों के नाम शामिल हैं। इसमें पांचवें स्थान पर त्रिपुरारी सिंह, नौवे स्थान पर अजय कुमार पटेल और 11वें स्थान पर श्याम बाबू बिंद रहे।
इंदिरा मैराथन आनंद भवन से शुरू होकर इविवि के वूमेंस हॉस्टल, कमिश्नर कार्यालय से होते हुए जैसे ही भारत स्काउट गाइड के सामने पहुंची क्रास कंट्री में शामिल वरिष्ठ धावक चक्कर खाकर गिर गए। उन्हें एंबुलेंस द्वारा निजी अस्पताल ले जाया गया। बाद में प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया।