इलाहाबाद। खाने के पैसों को लेकर साथियों संग होटल वाले पर रौब गालिब करने वाले दरोगा को कप्तान ने सोमवार को लाइन हाजिर कर दिया। रविवार देर रात सिविल लाइंस के लोहिया चौराहे पर अल्लापुर चौकी प्रभारी पवन गंगवार की इस हरकत को एसएसपी केएस इमेनुएल ने गंभीरता से लेते हुए तुरंत एक्शन लिया। अमर उजाला में सोमवार के अंक में छपी खबर को संज्ञान में लेकर एसएसपी ने इस मामले में विभागीय जांच के साथ एसओ जार्जटाउन से पूरे मामले की रिपोर्ट भी मांगी है। घटना में जार्जटाउन थाने के ही एक अन्य दरोगा और सिपाही का नाम सामने आया है। उनकी भूमिका की भी जांच कराई जा रही है।
अल्लापुर चौकी प्रभारी पवन गंगवार शनिवार को नाइट ड्यूटी पर थे। वह रात में लगभग साढ़े 12 बजे जार्जटाउन की जीप से सिविल लाइंस में लोहिया चौराहे के पास एक होटल पर पहुंचे। उसके साथ पांच-छह लोग थे। पवन गंगवार ने होटल में साथियों के साथ खाना खाया। खाने के बाद पैक भी कराया। जब दरोगा जाने लगा तो होटल मालिक ने खाने का भुगतान करने के लिए कहा।
यह सुनते ही दरोगा भड़क गया और अपनी सरकारी पिस्टल निकालकर होटल मालिक को सटा दिया और गाली देते हुए फर्जी मुकदमें में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी। दरोगा ने बगल के पान वाले को भी अरदब दिया और बिना पैसा दिए चलते बने। दरोगा की करतूत से होटल मालिक सहमा हुआ है। बताया जाता है कि चौकी प्रभारी अल्लापुर पवन गंगवार के साथ इस घटना में जार्जटाउन थाने का एक अन्य दरोगा और सिपाही भी शामिल था।
..............................
आरोपी चौकी प्रभारी अल्लापुर पवन गंगवार को लाइन हाजिर कर दिया गया है। विभागीय जांच के साथ एसओ जार्जटाउन से घटना की रिपोर्ट मांगी गई है। दरोगा के अलावा जो भी शामिल है उनकी भूमिका पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। ---केएस इमेनुएल, एसएसपी।