ईश्वर शरण क्रिकेट अकादमी, यादगार-ए-हुसैनी इंटर कालेज और फाफामऊ क्लब ने इलाहाबाद क्रिकेट एसोसिएशन की मनीष देब-स्कंद गुप्त सी डिवीजन लीग में अपने-अपने मैच जीतकर पूरे अंक जुटाए। ईश्वर शरण के रूद्रांश सिंह (8-5-04-5) और यादगार के रितिक दयाल (5-0-30-5) ने घातक गेंदबाजी का प्रदर्शन किया तो फाफामऊ के मो. उस्मान (51 एवं 2/27) ने बहुमुखी खेल दिखाया। रविवार को वाईएमसीए मैदान पर ईश्वर शरण क्रिकेट अकादमी ने वाईएमसीए ‘बी’ को 125 रन से हराया।
ईश्वर शरण ने 40 ओवर में 184 रन बनाकर वाईएमसीए ‘बी’ को 28 ओवर में 59 रन पर समेट दिया। परेड मैदान पर यादगार-ए-हुसैनी इंटर कालेज ने विप्लव स्पोर्टिंग क्लब को तीन विकेट से हराया। विप्लव स्पोर्टिंग ने 36 ओवर में 165 रन बनाए। जवाब में यादगार ने 32 ओवर में सात विकेट पर 169 रन बना लिए। केपी कालेज मैदान पर फाफामऊ क्लब ने चौधरी नौनिहाल सिंह अकादमी को पांच विकेट से हराया। पहले खेलते हुए चौधरी नौनिहाल अकादमी ने 40 ओवर में 150 रन बनाए। जवाब में फाफामऊ क्लब ने 27.3 ओवर में 5 विकेट पर 151 रन बना लिए।