एक और वृद्धा ने नेत्रदान कर अनूठी मिसाल पेश की है। शहर के सीवाई चिंतामणि रोड निवासिनी विमला रानी डंग ( 81 वर्ष ) ने अपने जीते जी परिजनों के समक्ष इच्छा जतायी कि मृत्यु उपरांत उनकी आंखें दान कर दी जाएं ताकि नेत्रहीनों को नई रोशनी दी जा सके। संयोगवश विमला रानी डंग की मंगलवार को मृत्यु हो गई। उनकी मौत होने ही बेटे अश्वनी डंग ने तत्काल इसकी जानकारी क्षेत्रीय नेत्र संस्थान के निदेशक डॉ. एसपी सिंह को दी। जानकारी मिलते ही निदेशक डॉ. एसपी सिंह ने डॉ. चंद्र प्रकाश ओेली, डॉ. रवींद्र कुमार, डॉ. शम्मी कपूर, व डॉ. प्रदीप कुमार सिंह की संयुक्त टीम स्वर्गीय विमला रानी डंग के आवास पर भेजी।
कागजी प्रक्रिया पूरी कर स्वर्गीय विमला रानी डंग के शरीर से दान की गई आंखें प्राप्त की गई। निदेशक डॉ.एसपी सिंह ने दो नेत्रहीनों को कार्निया प्रत्यारोपण के लिए बुलाया । निदेशक डॉ. एसपी सिंह ने दोनों नेत्रहीनों की आंखों में कार्निया का प्रत्यारोपण कर नई रोशनी दी । उल्लेखनीय है कि मोतीलाल नेहरू मेडिकल कालेज के प्राचार्य एवं क्षेत्रीय नेत्र संस्थान के निदेशक द्वारा कई नेत्रहीनोें का कार्निया प्रत्यारोपण कर उन्हें नई जिंदगी दी जा चुकी है। निदेशक डॉ. एसपी सिंह ने शहरियों से अपील करते हुए कहा है कि नेत्रदान को लेकर ज्यादा से ज्यादा लोग आगे आएं ताकि उन्हें नई जिंदगी दी जा सके। जानकारी मोबाइल नंबर 09451762902 और 09807477789 पर दी जा सकती है।