यमुनापार में नारी-बारी मुख्य मार्ग पर देवी बांध गांव में घर के सामने बैठे युवक को बेकाबू ट्रक ने रौंद दिया। टक्कर के बाद ट्रक में फंसकर लगभग दो सौ मीटर दूर तक घसीटता हुआ चला गया। रविवार सुबह लगभग पांच बजे हुए हादसे के बाद खलबली मच गई। घटना से नाराज लोग सड़क पर आ गए और शव रखकर चक्काजाम कर दिया। लगभग दस बजे खीरी पुलिस के समझाने के बाद मामला शांत हुआ।
देवी बांध गांव का सुरेंद्र कुमार (35) दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई शहर में रहकर मजदूरी करता था। सुरेंद्र कुमार के पिता राधे प्रसाद दवा लेने छोटे बेटे के पास शहर आए थे। रविवार सुबह सुरेंद्र कुमार घर के सामने बैठा हुआ था। तभी नारी-बारी मुख्य मार्ग पर जा रही बेकाबू ट्रक घर के सामने बैठे सुरेंद्र कुमार को चपेट में ले लिया। ट्रक लगभग दो सौ मीटर दूर तक सुरेंद्र कुमार को घसीटते हुए ले गई।
घटना से नाराज लोगों ने चक्काजाम कर दिया। लगभग तीन घंटे तक चक्काजाम चलता रहा। सुरेंद्र की मौत से ग्रामीणों में खासा आक्रोश था। ग्रामीणों का कहना था कि आए दिन सड़क पर ऐसे हादसे होते रहते हैं। लेकिन इसके बाद पुलिस ओवरलोड और बेकाबू ट्रकों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करती है। खीरी पुलिस ने लगभग दस बजे शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं सुरेंद्र की मौत से पत्नी और बच्चों का रोकर बुरा हाल है। सुरेंद्र के एक बेटी और दो बेटा है। जो अभी किशोर हैं।